शहर के सभी विकास कार्य गुणवत्ता के साथ समय-सीमा पर पूर्ण हों: वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी – Chhattisgarh Top News

Chhattisgarh Top News

Latest Online Breaking News

शहर के सभी विकास कार्य गुणवत्ता के साथ समय-सीमा पर पूर्ण हों: वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी

😊 Please Share This News 😊

कैनाल लिंक रोड, बोइरदादर स्टेडियम, तालाब सौंदर्यीकरण और ऑक्सीजोन कार्यों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को तेजी लाने के निर्देश

रायगढ़, 19 अक्टूबर 2026। प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने सोमवार को शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने जोगीडीपा में निर्माणधीन कैनाल लिंक रोड, बोइरदादर स्टेडियम में बन रहे स्विमिंग पूल एवं एथलेटिक ट्रैक, प्रगतिनगर मरीन ड्राइव, फटहामुड़ा और मिट्ठूमुड़ा तालाब तथा किसान राइस मिल परिसर स्थित ऑक्सीजोन का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का नियमित निरीक्षण जरूरी है, ताकि जमीनी स्थिति का आकलन हो सके और नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप सुधार किए जा सकें।

कैनाल लिंक रोड से सुधरेगी कनेक्टिविटी
कैनाल लिंक रोड केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड को न्यू एवं ओल्ड मरीन ड्राइव रोड से जोड़ेगी। इसके पूर्ण होने से शहर में यातायात सुगम होगा। मंत्री ने सीमांकन सहित आवश्यक प्रक्रियाएं व्यवस्थित ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।

स्टेडियम कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता
बोइरदादर स्टेडियम में ओलंपिक मानक के स्विमिंग पूल, सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक और स्केटिंग रिंग का काम चल रहा है। वित्त मंत्री ने ट्रैक पर जमा मलबा हटाने और परिसर व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खेल अधोसंरचना खिलाड़ियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित की जाए।

तालाबों का होगा आकर्षक विकास
फटहामुड़ा तालाब के किनारे पाथवे, गार्डन, ओपन जिम, फाउंटेन और प्रकाश व्यवस्था विकसित की जा रही है। मिट्ठूमुड़ा तालाब में पार्किंग, पार्क, पाथवे और ओपन जिम की सुविधाएं बन रही हैं। नागरिकों की मांग पर वित्त मंत्री ने मंदिर निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपये की सहायता की घोषणा भी की।

ऑक्सीजोन और मरीन ड्राइव
प्रगतिनगर मरीन ड्राइव और किसान राइस मिल परिसर के ऑक्सीजोन में ओपन जिम, पाथवे और योग केंद्र विकसित किए जा रहे हैं, जिससे शहरवासियों को हरित और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण मिलेगा।

वित्त मंत्री ने कहा, “रायगढ़ लंबे समय से राजस्व के क्षेत्र में प्रदेश को महत्वपूर्ण योगदान देता रहा है। आने वाले समय में अन्य क्षेत्रों में भी रायगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका हो, इसके लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समन्वय से शहर को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।”

निरीक्षण के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें 

स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे

Donate Now

[responsive-slider id=1466]
error: Content is protected !!