मिनीमाता महतारी जतन योजना : मातृत्व के समय श्रमिक परिवारों को 20 हजार रुपये का संबल, जिले में 6,679 हितग्राही पंजीकृत
|
😊 Please Share This News 😊
|
रायगढ़, 30 अक्टूबर 2026/ मां बनना जीवन का सबसे सुखद अनुभव होता है, लेकिन इस दौरान स्वास्थ्य और आर्थिक दोनों मोर्चों पर विशेष ध्यान की जरूरत होती है। श्रमिक परिवारों के लिए यह समय और भी चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में छत्तीसगढ़ शासन के श्रम विभाग द्वारा संचालित मिनीमाता महतारी जतन योजना उनके लिए बड़ा सहारा बन रही है।
योजना के तहत पात्र महिला निर्माण श्रमिक को बच्चे के जन्म पर 20 हजार रुपये की एकमुश्त सहायता राशि प्रदान की जाती है। यह राशि सीधे हितग्राही के बैंक खाते में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से भेजी जाती है। इससे प्रसव के बाद पौष्टिक आहार, दवाइयों, नवजात शिशु के पोषण और अन्य आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलती है। रायगढ़ जिले में इस योजना के अंतर्गत कुल 6,679 हितग्राही पंजीकृत हैं।
मातृत्व के दौरान आर्थिक चिंता कम करने की पहल
प्रसव के बाद मां के स्वास्थ्य के साथ नवजात के पोषण पर विशेष ध्यान देना जरूरी होता है। पौष्टिक भोजन, दवाइयों और शिशु देखभाल पर खर्च बढ़ जाता है। योजना का उद्देश्य इसी महत्वपूर्ण समय में आर्थिक संबल प्रदान करना और मां-बच्चे के बेहतर स्वास्थ्य को प्रोत्साहित करना है।
पात्रता और शर्तें
महिला छत्तीसगढ़ की मूल निवासी होनी चाहिए तथा छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में कम से कम एक वर्ष से पंजीकृत महिला निर्माण श्रमिक होना आवश्यक है। लाभ प्रथम दो बच्चों के प्रसव तक ही दिया जाता है। निर्धारित समय-सीमा में ऑनलाइन आवेदन करना होता है।
आवश्यक दस्तावेज
लेबर कार्ड, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र, मातृ एवं शिशु सुरक्षा कार्ड तथा स्व-घोषणा प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने होते हैं।
कैसे करें आवेदन
पात्र हितग्राही श्रमेव जयते पोर्टल अथवा मायस्कीम पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए श्रम विभाग की वेबसाइट अथवा सीएम हेल्पलाइन 1076 पर संपर्क किया जा सकता है।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

