गजानंदपुरम में 10.45 करोड़ से बनेगा रायगढ़ का सबसे बड़ा ऑक्सी जोन, 6 एकड़ बंजर जमीन बनेगी ऑक्सीजन फैक्ट्री
|
😊 Please Share This News 😊
|
रायगढ़, 14 अक्टूबर 2026/ वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी के विकास मॉडल की रफ्तार जारी है। भूजबंधान तालाब के लिए 5 करोड़ और रामलीला मैदान के कायाकल्प के बाद अब शहरवासियों को एक और बड़ी सौगात मिली है।
होटल ट्रिनिटी के सामने स्थित गजानंदपुरम कॉलोनी के पीछे वार्ड नंबर 40 की 6 एकड़ बंजर भूमि पर भव्य ऑक्सी जोन विकसित करने के लिए 10.45 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। लंबे समय से खाली पड़ी इस जमीन पर विद्युत विभाग के ट्रांसफार्मरों में भीषण आगजनी हो चुकी थी, जिससे क्षेत्रवासियों ने स्थायी समाधान की मांग की थी।
छत्तीसगढ़ हाउसिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट बोर्ड द्वारा निर्मित इस ऑक्सी जोन में मुख्य एंट्री गेट के साथ ऑल वेदर पक्की पार्किंग, टिकट काउंटर और गार्ड रूम होगा। पूरे 6 एकड़ में 80% से ज्यादा हिस्सा ग्रीन लैंडस्केपिंग और वृहद वृक्षारोपण के लिए आरक्षित रहेगा।
चारों तरफ आउटर जॉगिंग ट्रैक, बीच में 2 बड़े मुख्य रास्ते और अंदर घुमावदार पाथ-वे होंगे, जहां सुबह-शाम लोग सैर और योग कर सकेंगे। 5 स्थानों पर गोलाकार गज़ेबो चबूतरा सिटिंग जोन, बीच में बड़ा अंडाकार सेंट्रल प्लाजा, किड्स के लिए झूले, वेडिंग जोन, टॉयलेट ब्लॉक और व्यवस्थित लाइटिंग की व्यवस्था होगी।
यह रायगढ़ का पहला व्यवस्थित और सबसे बड़ा ऑक्सी जोन होगा, जिससे ढिमरापुर और कोतरा रोड के आधा दर्जन वार्डों की 15 हजार से अधिक आबादी को लाभ मिलेगा। इसके पूर्व इतवारी बाजार में सिंदूर पार्क के नाम से ऑक्सी जोन लोकार्पित किया जा चुका है, वहीं जूटमिल क्षेत्र में भी ऑक्सी जोन विकसित किया जा रहा है।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

