रायगढ़: घरघोड़ा में झपटमारी और लूटपाट की दो वारदातों का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
|
😊 Please Share This News 😊
|
रायगढ़, 20 अक्टूबर 2026। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में घरघोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना क्षेत्र में 13 और 16 अक्टूबर को हुई झपटमारी और लूटपाट की दो अलग-अलग वारदातों का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीसरा आरोपी फरार है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम सुरेन्द्र चौहान और सुमेष प्रधान हैं। इनके साथी समीर महंत उर्फ पप्पू, निवासी फोकटपारा घरघोड़ा ने भी वारदात में शामिल होना स्वीकार किया है, जिसकी तलाश जारी है। आरोपियों से लूटा हुआ आईफोन और वारदात में प्रयुक्त काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पहली वारदात: रास्ता रोककर छीना आईफोन
ग्राम टेरम निवासी सूरज राठिया (24) ने 18 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे घरघोड़ा-धरमजयगढ़ मार्ग पर बंगाली ढाबा के सामने तीन अज्ञात युवकों ने काले रंग की स्प्लेंडर से उसका रास्ता रोककर जेब से आईफोन छीन लिया था। मामले में अपराध क्रमांक 314/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज किया गया।
दूसरी वारदात: चाकू दिखाकर ट्रेलर चालक से लूट
बिहार निवासी ट्रेलर चालक रंजीत कुमार सिंह (33) ने रिपोर्ट में बताया कि 16 अक्टूबर की रात करीब 2 बजे घरघोड़ा बाईपास पर हनुमान ईंट भट्ठे के सामने तीन युवकों ने ट्रेलर को ओवरटेक कर रोका, चाकू दिखाकर नीचे उतारा और मारपीट कर रेडमी मोबाइल, मोबाइल कवर में रखे 3,000 रुपये नकद और ड्राइविंग लाइसेंस लूट लिया। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। अपराध क्रमांक 315/2026 दर्ज किया गया।
पुलिस की कार्रवाई
टीआई घरघोड़ा कुमार गौरव और PSI सिद्धांत एरेवार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदेहियों की धरपकड़ की। पूछताछ में दोनों ने गोल-मोल जवाब दिया, जिसके बाद कार्यपालिक दण्डाधिकारी घरघोड़ा के समक्ष शिनाख्त परेड कराई गई, जिसमें पीड़ितों ने आरोपियों की पहचान की। कड़ाई से पूछताछ में दोनों ने तीसरे साथी के साथ वारदात कबूल की।
आरोपियों के मेमोरेंडम पर सुरेन्द्र चौहान से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और सुमेष प्रधान से पीड़ित का सफेद आईफोन जप्त किया गया। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा, “राहगीरों और वाहन चालकों को निशाना बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नागरिक किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।”
इस खुलासे में निरीक्षक कुमार गौरव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सिद्धांत एरेवार, आरक्षक हरीश पटेल, उद्यो पटेल और भानु चंद्रा की सराहनीय भूमिका रही।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

