‘सेवा मेरा योगदान’ : वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने 350 दिव्यांगजनों को बांटे 60 लाख के सहायक उपकरण, सिंदूर पार्क में स्थायी मंच बनाने की घोषणा
|
😊 Please Share This News 😊
|
रायगढ़/रायपुर, 3 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को सिंदूर पार्क में ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नशामुक्त भारत अभियान एवं दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने 350 दिव्यांगजनों को करीब 60 लाख रुपए की लागत के विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए।

वित्त मंत्री ने सिंदूर पार्क में स्थायी एवं भव्य मंच निर्माण की घोषणा करते हुए कहा कि उपयुक्त स्थान पर ऐसा मंच विकसित किया जाए जिसका उपयोग विभिन्न आयोजनों में हो सके, जिससे बार-बार अस्थायी मंच लगाने की जरूरत न पड़े।

सहायक उपकरण आत्मनिर्भरता का माध्यम – चौधरी
वित्त मंत्री ने कहा कि ट्रायसायकल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र और ब्रेल किट जैसे उपकरण दिव्यांगजनों के आवागमन, शिक्षा और रोजमर्रा के कार्यों में सहायता करेंगे। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों के जीवन को आसान बनाना ही सेवा का वास्तविक उद्देश्य है। यह वितरण एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया के सहयोग से किया गया।

कार्यक्रम में मोटराइज्ड ट्रायसायकल, सामान्य ट्रायसायकल, व्हीलचेयर, डिजिटल श्रवण यंत्र, वॉकिंग स्टिक, ब्रेल किट, स्मार्टफोन, स्क्रीन रीडिंग सॉफ्टवेयर सहित अन्य उपकरण दिए गए। अमृता मालाकार, पुष्पा नायक, ईश्वर चौहान और विशाल नागवंशी को UDID प्रमाण-पत्र भी दिए गए।
नशे से दूर रहें युवा – वित्त मंत्री

वित्त मंत्री ने युवाओं को नशे और मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा – ‘नशा सब कुछ नाश कर देता है, स्वस्थ एवं समृद्ध जीवन हेतु नशामुक्ति अपनाएं’। उपस्थित लोगों ने नशामुक्त भारत की शपथ ली। नशे से दूर होकर सामान्य जीवन की ओर लौटे प्रदीप पुरी गोस्वामी एवं गुरु चरण मिश्रा को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

उन्होंने युवाओं से फास्ट फूड से बचने, पौष्टिक भोजन, नियमित योग-व्यायाम और व्यवस्थित दिनचर्या अपनाने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि युवा केवल नौकरी तक सीमित न रहें, स्वरोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता की ओर बढ़ें।
राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि नशे के खिलाफ जागरूकता को घर-घर तक पहुंचाने की जरूरत है। महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि नशे का प्रभाव स्वास्थ्य, आर्थिक और सामाजिक जीवन पर पड़ता है।

हितग्राहियों ने जताया आभार
सेमरा निवासी टेकचंद मालाकार ने बताया कि ट्रायसायकल न होने से पढ़ाई और आने-जाने में पिता पर निर्भर रहना पड़ता था, अब सुविधा होगी। छिछोर उमरिया की आंगनबाड़ी सहायिका सुनीता शंकर ने पहली बार ट्रायसायकल मिलने पर खुशी जताई।

कार्यक्रम में सभापति डिग्रीलाल साहू, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, एलिम्को एवं एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

