पटवारियों की हड़ताल के बीच जिला प्रशासन की बड़ी उपलब्धि, 98% धान रकबे का भौतिक सत्यापन पूरा, 5 तहसीलों में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल
|
😊 Please Share This News 😊
|
रायगढ़, 29 अक्टूबर 2026/ पटवारियों की हड़ताल के बीच रायगढ़ जिला प्रशासन ने धान खरीदी से पहले की सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया, धान के रकबे के भौतिक सत्यापन (फिजिकल वेरिफिकेशन) को लगभग पूरा कर प्रशासनिक दक्षता का उदाहरण पेश किया है। जिस कार्य को पटवारियों के बिना असंभव माना जा रहा था, उसे जिला प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था, तकनीक और ग्रामीण अमले के समन्वय से 98 प्रतिशत तक पूरा कर लिया है।
जिले में कुल 1 लाख 52 हजार 49 धान खसरों का सत्यापन किया जाना था, जिनमें से 1 लाख 48 हजार 773 से अधिक खसरों का पॉलीगॉन जनरेशन पूरा हो चुका है। शेष खसरों का कार्य भी युद्धस्तर पर जारी है और जल्द ही शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा।
हड़ताल के बीच बनी वैकल्पिक व्यवस्था
पटवारियों की हड़ताल के कारण किसानों के धान विक्रय की प्रक्रिया प्रभावित न हो, इसके लिए कलेक्टर के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन ने तहसीलदारों, नायब तहसीलदारों, 27 राजस्व निरीक्षकों, 1,385 थर्ड पार्टी सर्वेयरों और 900 से अधिक कोटवारों को मैदान में उतारा। गांव-गांव जाकर टीमों ने किसानों से सीधा संवाद किया।
कैसे हुआ सत्यापन : किसान की मौजूदगी में बना पॉलीगॉन
यह सत्यापन केवल कार्यालय में बैठकर ऑनलाइन रिकॉर्ड के आधार पर नहीं किया गया। प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी गई :
सर्वेयरों को संबंधित खसरों की सूची देकर मौके पर भेजा गया।
गांव के कोटवार ने खेत और उसके मालिक की पहचान कराई।
किसान को स्वयं अपने खेत पर बुलाया गया।
किसान ने अपने खेत की मेढ़ (सीमा) बताई, जिसके आधार पर सर्वेयर ने जीपीएस से पॉलीगॉन तैयार किया।
इसमें किसान की प्रत्यक्ष भागीदारी होने से किसी भी तरह की त्रुटि की संभावना समाप्त हो गई।
तकनीक का इस्तेमाल : राजस्व नक्शा और गूगल मैप का मिलान
सटीकता के लिए तहसीलों में पुराने राजस्व नक्शों का गूगल मैप से मिलान भी किया गया। इससे खसरे की वास्तविक भौगोलिक स्थिति को समझने में मदद मिली। यह कार्य डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) के दूसरे चरण के तहत हो रहा है। पहले चरण में गिरदावरी होती है, जबकि दूसरे चरण में छूटे हुए खसरों का भौतिक सत्यापन किया जाता है।
5 तहसीलों में शत-प्रतिशत काम
जिले की 5 तहसीलों, घरघोड़ा (6,091), धरमजयगढ़ (15,458), पुसौर (34,128), मुकडेगा (1,577) और रायगढ़ (28,800) में शत-प्रतिशत पॉलीगॉन जनरेशन पूरा हो चुका है। वहीं खरसिया में 99.40%, लैलूंगा में 98.76%, तमनार में 98.67%, छाल में 90.02% और कापू में 84.97% प्रगति दर्ज की गई है। कुल 902 गांवों में यह कार्य पूर्ण हो चुका है।
पूरे अभियान की मॉनिटरिंग अपर कलेक्टर डॉ. प्रियंका वर्मा और संयुक्त कलेक्टर हेमेन्द्र भूआर्य सहित वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रतिदिन की जा रही है।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

