ऑपरेशन क्लीन हंट: रायगढ़ पुलिस ने 15 फरार स्थायी वारंटियों को किया गिरफ्तार, जिलेभर में विशेष अभियान तेज
|
😊 Please Share This News 😊
|
रायगढ़, 25 अक्टूबर 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 24 अक्टूबर को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए 15 फरार स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया।
अभियान के तहत थाना चक्रधरनगर की टीम ने 05, थाना खरसिया की टीम ने 03 तथा थाना पूंजीपथरा की टीम ने 02 स्थायी वारंटियों को पकड़ा। इसके अतिरिक्त थाना कापू, कोतरारोड, धरमजयगढ़, पुसौर एवं चौकी खरसिया की टीमों ने एक-एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया।
गौरतलब है कि इस विशेष अभियान की मॉनिटरिंग पुलिस मुख्यालय स्तर पर की जा रही है। एसएसपी ने अभियान को प्रभावी बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) पुष्पेन्द्र बघेल सहित सभी राजपत्रित अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं। थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लंबे समय से फरार स्थायी वारंटियों की सूची तैयार कर विशेष रणनीति के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। मृत और जेल में निरुद्ध वारंटियों के नियमानुसार तामिली प्रक्रिया अपनाई गई है।
पुलिस द्वारा चरणबद्ध रणनीति अपनाई जा रही है। पहले संबंधित थाना क्षेत्र, फिर जिले के अन्य थाना क्षेत्रों, इसके बाद राज्य के भीतर तथा राज्य के बाहर फरार वारंटियों की तलाश कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
एसएसपी के निर्देशन में आने वाले दिनों में भी विशेष टीमें सक्रिय रहेंगी। रायगढ़ पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि कानून की प्रक्रिया से बचकर लंबे समय तक फरार रहना आसान नहीं होगा।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

