युवाओं को रोजगार, नागरिकों को सुगम सेवाएं और आधुनिक कौशल से जोड़ना प्राथमिकता : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय – Chhattisgarh Top News

Chhattisgarh Top News

Latest Online Breaking News

युवाओं को रोजगार, नागरिकों को सुगम सेवाएं और आधुनिक कौशल से जोड़ना प्राथमिकता : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

😊 Please Share This News 😊

रायपुर, 30 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में आज मंत्रालय महानदी भवन में रोजगार, डिजिटल गवर्नेंस और कौशल विकास से जुड़ी तीन महत्वपूर्ण पहलों की शुरुआत की गई।

मुख्यमंत्री ने नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण में चयनित युवा उप अभियंताओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। साथ ही छत्तीसगढ़ इन्फोटेक प्रमोशन सोसायटी (चिप्स) और कॉमन सर्विस सेंटर के बीच एमओयू हुआ और नवा रायपुर में प्रस्तावित नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के लिए 10 एकड़ भूमि आवंटन का पत्र सौंपा गया।

मुख्यमंत्री ने कहा – विकसित छत्तीसगढ़ की नींव तैयार कर रहे हैं

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि युवाओं को रोजगार, नागरिकों को सरल और पारदर्शी शासकीय सेवाएं तथा नई पीढ़ी को भविष्य के अनुरूप आधुनिक कौशल देना सरकार की प्राथमिकता है। सरकार रोजगार, कौशल विकास, डिजिटल गवर्नेंस और अधोसंरचना को जोड़कर विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव तैयार कर रही है।

उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ नागरिकों तक आसानी और समय पर पहुंचे, इसके लिए तकनीक के जरिए शासन और नागरिकों के बीच की दूरी कम की जा रही है।

नवा रायपुर में युवा अभियंताओं की अहम भूमिका

मुख्यमंत्री ने कहा कि नवा रायपुर भविष्य के छत्तीसगढ़ की आकांक्षाओं का शहर है। नवनियुक्त अभियंताओं को इस आधुनिक शहर के निर्माण में योगदान का अवसर मिला है। उन्होंने अभियंताओं से गुणवत्ता, समयबद्धता और जनहित को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नई औद्योगिक नीति 2024-30 में रोजगार सृजन को विशेष प्राथमिकता दी गई है। अब तक 8 लाख 23 हजार करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्तावों के MoU हुए हैं और आने वाले वर्षों में पौने दो लाख युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने का लक्ष्य है।

डिजिटल गवर्नेंस को नई गति – चिप्स और CSC के बीच MoU

चिप्स की ओर से CEO मयंक अग्रवाल और CSC SPV की ओर से स्टेट हेड जय नारायण पटेल ने MoU पर हस्ताक्षर किए। इसके तहत सेवा सेतु पोर्टल पर उपलब्ध सेवाएं CSC के डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ी जाएंगी।

वर्तमान में सेवा सेतु के माध्यम से 38 विभागों की 907 सेवाएं 16,619 केंद्रों के जरिए ऑनलाइन उपलब्ध हैं। 1 अप्रैल 2025 से अब तक 54 लाख 23 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 90 प्रतिशत से अधिक का निराकरण हो चुका है। प्रदेश में 28,450 सक्रिय CSC के माध्यम से 600 से अधिक सेवाएं दी जा रही हैं।

250 करोड़ से बनेगा नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट

नवा रायपुर में लगभग 250 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में प्रतिवर्ष करीब 4 हजार युवाओं को 20 अलग-अलग ट्रेड में आधुनिक कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा।

वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि नवा रायपुर राष्ट्रीय स्तर के शिक्षा और कौशल संस्थानों के केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया युवाओं में व्यवस्था के प्रति विश्वास मजबूत करती है।

इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, नवा रायपुर विकास प्राधिकरण के CEO चंदन कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी और नवनियुक्त अभियंता उपस्थित थे।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें 

स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे

Donate Now

[responsive-slider id=1466]
error: Content is protected !!