जिला स्तरीय आयुष स्वास्थ्य मेले में 635 लोगों का हुआ निःशुल्क उपचार, आयुर्वेद-होम्योपैथी से मिली चिकित्सा सुविधा
|
😊 Please Share This News 😊
|
रायगढ़, 31 अक्टूबर 2026/ आम नागरिकों को सुलभ एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को कौहाकुंडा पहाड़ मंदिर के पास प्राथमिक शाला परिसर में जिला स्तरीय आयुष स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। नगर निगम के महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना कर स्वास्थ्य मेला का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर सभापति श्री डिग्रीलाल साहू, स्थानीय पार्षद सहित गणमान्य नागरिक एवं आयुष विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
महापौर ने की स्वस्थ जीवनशैली की अपील
महापौर ने कहा कि आयुष चिकित्सा पद्धति हमारी प्राचीन और समृद्ध परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में खानपान, नियमित दिनचर्या और योग अपनाना बेहद जरूरी है। ऐसे मेले एक ही स्थान पर निःशुल्क जांच, परामर्श एवं उपचार की सुविधा देने के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी करते हैं।
635 मरीजों का उपचार
कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. मीरा भगत के मार्गदर्शन में आयोजित मेले में कुल 635 मरीजों का निःशुल्क उपचार कर औषधियों का वितरण किया गया। इनमें आयुर्वेद से 560 तथा होम्योपैथी से 75 मरीजों का उपचार हुआ। 105 लोगों का रक्त परीक्षण किया गया। रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए गुडूची काढ़ा भी पिलाया गया।
शिविर प्रभारी डॉ. विजयलक्ष्मी चंद्रा ने आयुर्वेद की उपयोगिता बताते हुए पंचकर्म, खानपान में सावधानी तथा नियमित योगाभ्यास के महत्व की जानकारी दी। मेले में नशामुक्ति, योग परामर्श, औषधीय द्रव्य प्रदर्शनी एवं जीवनशैली जनित बीमारियों पर विशेषज्ञों ने परामर्श दिया। मुख्य अतिथियों द्वारा औषधीय पौधों का वितरण भी किया गया।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

