‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर 2 नवंबर को रायगढ़ में होगा राज्योत्सव, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजेगी शाम
|
😊 Please Share This News 😊
|
रायगढ़, 31 अक्टूबर 2026/ छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में रायगढ़ जिले में 2 नवंबर को राज्योत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में आयोजित होने वाले इस जिला स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 6 बजे प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी करेंगे। इस वर्ष राज्योत्सव का आयोजन ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर किया जा रहा है।
प्रदर्शनी में दिखेगी विकास की झलक
राज्योत्सव में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और विभागीय उपलब्धियों पर आधारित आकर्षक प्रदर्शनी लगाई जाएगी। विभिन्न विभागों के स्टॉलों के माध्यम से महिला स्वावलंबन, युवा कौशल विकास, ग्रामीण समृद्धि, औद्योगिक प्रगति और सामाजिक सशक्तिकरण की जानकारी आम नागरिकों को मिलेगी। साथ ही छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और गौरवशाली विरासत की झलक भी देखने को मिलेगी।
तैयारियों का जायजा
राज्योत्सव की तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी आज आयोजन स्थल पहुंचे। उन्होंने बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, ध्वनि विस्तारक यंत्र, पार्किंग, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं सहित सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर आयुक्त नगर निगम श्री बृजेश सिंह क्षत्रिय, एडीएम श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो सहित अधिकारी उपस्थित थे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजेगी शाम
2 नवंबर को शाम 8 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। शुरुआत श्री चक्रधर संगीत महाविद्यालय की गणेश वंदना से होगी। इसके बाद रामकथा समूह नृत्य, नशामुक्त भारत नृत्य, बिहू एवं छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य, आदिवासी करमा नृत्य, राजस्थानी लोकनृत्य, शिव तांडव, देवस्तुति, पहाड़ी नृत्य, कथक, पंथी नृत्य तथा छत्तीसगढ़ लोकनृत्य एवं लोकसंगीत की प्रस्तुतियां होंगी।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

