यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटा जिला प्रशासन, 45 बसों पर कार्रवाई
|
😊 Please Share This News 😊
|
रायगढ़, 28 अक्टूबर 2026/ जिले में यात्री बसों का संचालन निर्धारित नियमों के अनुरूप सुनिश्चित करने और यात्रियों की सुरक्षित यात्रा के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। परिवहन आयुक्त के निर्देशानुसार और कलेक्टर के मार्गदर्शन में परिवहन विभाग यात्री बसों की जांच कर रहा है। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित बस संचालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 45 बसों से कुल 1 लाख 14 हजार 100 रुपये जुर्माना वसूला गया है। वहीं, बिना फिटनेस और टैक्स के संचालित एक बस को जब्त किया गया है।
जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान बसों में कई तरह की अनियमितताएं सामने आईं। इनमें यात्रियों से निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलना, किराया सूची नहीं रखना, अग्निशमन यंत्र उपलब्ध नहीं होना, क्षमता से अधिक सवारी बैठाना और परमिट की शर्तों का उल्लंघन करना शामिल है। इसके अलावा कंडक्टर लाइसेंस, ड्राइविंग लाइसेंस तथा बसों के ऊपर सामान ले जाने से संबंधित मामलों में भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
बसों के ऊपरी हिस्से में सामान ले जाने और लापरवाही से वाहन चलाने के मामलों में परिवहन विभाग ने अलग-अलग धाराओं के तहत 22 हजार रुपये का चालान किया है। जिला प्रशासन का उद्देश्य जिले में यात्री बसों का संचालन निर्धारित मानकों के अनुसार कराना और यात्रियों को सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

