जमीन विवाद में पड़ोसी ने 77 वर्षीय वृद्ध पर चाकू से किया जानलेवा हमला, चक्रधरनगर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को दबोचा
|
😊 Please Share This News 😊
|
रायगढ़, 17 अक्टूबर 2026। जिले के थाना चक्रधरनगर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़े रेगड़ा में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पड़ोसी ने 77 वर्षीय वृद्ध मनधर यादव के गले पर धारदार चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही चक्रधरनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर आरोपी नत्थूलाल अगरिया (57 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच मनधर यादव गांव के दुर्गा पंडाल में प्रसाद लेने गए थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए नत्थूलाल अगरिया ने जान से मारने की नीयत से कटहल काटने वाले धारदार चाकू से उनके गले पर वार कर दिया। हमले में वृद्ध के गले में गहरी चोट आई और वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। ग्रामीणों की सूचना पर डायल 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में भर्ती कराया। फिलहाल घायल की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
अस्पताल से सूचना मिलने पर थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा ने प्रधान आरक्षक मोहम्मद दिलदार कुरैशी को मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां घायल के पुत्र रामकुमार यादव (37 वर्ष) ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 109(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत हत्या के प्रयास का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका और मनधर यादव का घर एक-दूसरे से लगा हुआ है तथा जमीन को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन भी इसी विवाद को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद आवेश में आकर उसने चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू जब्त कर लिया है।
इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा, प्रशिक्षु निरीक्षक हर्ष चंद्राकर, प्रधान आरक्षक मोहम्मद दिलदार कुरैशी एवं हमराह पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

