रायगढ़ में बनेगा AI एक्सीलेंस सेंटर, युवाओं को नई तकनीक और नवाचार के मिलेंगे अवसर : वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी
|
😊 Please Share This News 😊
|
रायगढ़/रायपुर, 3 अक्टूबर 2026। रायगढ़ के युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की आधुनिक तकनीक से जोड़ने और नवाचार के अवसर देने के लिए जिले में AI एक्सीलेंस सेंटर विकसित किया जाएगा। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने आज संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम जी ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में आयोजित एक दिवसीय AI कार्यशाला में यह घोषणा की। ‘रायगढ़ की AI उड़ान-जागरूकता से नवाचार तक’ थीम पर आयोजित कार्यशाला में 1500 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि IIIT नया रायपुर के सहयोग से रायगढ़ में AI से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रस्तावित AI एक्सीलेंस सेंटर में गतिविधियों का चरणबद्ध विस्तार होगा। जिले के चयनित प्रतिभाशाली युवाओं को IIIT नया रायपुर के विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिलेगा।
उन्होंने कहा कि नालंदा परिसर को युवाओं की जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। आने वाले समय में यहां AI के लिए समर्पित स्थान भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे युवाओं को नई तकनीक सीखने और अपने विचारों को नवाचार में बदलने के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा।

वित्त मंत्री ने कहा कि नया रायपुर में सेमीकंडक्टर इकाई और डेटा सेंटर के क्षेत्र में संभावनाएं विकसित हो रही हैं, जिससे AI, डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में युवाओं के लिए कौशल, रोजगार, स्टार्टअप और उद्यमिता के नए अवसर तैयार होंगे।
12वीं के छात्र नैतिक ने दिया AI यूनिकॉर्न का जवाब
कार्यशाला के दौरान वित्त मंत्री श्री चौधरी ने AI यूनिकॉर्न पर सवाल पूछा। कक्षा 12वीं के छात्र नैतिक अग्रवाल ने बताया कि AI तकनीक पर काम करने वाले किसी स्टार्टअप का बाजार मूल्य एक अरब डॉलर से अधिक होने पर उसे ‘AI यूनिकॉर्न’ कहा जाता है। वित्त मंत्री ने जवाब की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहन राशि प्रदान की।
दुर्ग सांसद श्री विजय बघेल ने कहा कि AI तेजी से बदलती तकनीकी दुनिया का महत्वपूर्ण हिस्सा बन रहा है, युवाओं को इसके सकारात्मक और रचनात्मक उपयोग पर ध्यान देना चाहिए।
कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने बताया कि भारत सरकार के इंडिया AI मिशन के तहत IIIT नया रायपुर के AI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और जिला प्रशासन रायगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में कार्यशाला आयोजित की गई। IIIT नया रायपुर के कुलपति एवं निदेशक प्रो. (डॉ.) ओ.पी. व्यास के नेतृत्व में विशेषज्ञों की टीम ने शिक्षा, प्रशासन, उद्योग, व्यवसाय और रोजगार में AI के उपयोग की जानकारी दी।
कार्यक्रम में महापौर श्री जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल सहित जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

