बनोरा गुरुपीठ में धूमधाम से मना अघोरेश्वर महाप्रभु का जन्मोत्सव, CM विष्णुदेव साय ने किया नवीन स्कूल भवन का लोकार्पण – Chhattisgarh Top News

Chhattisgarh Top News

Latest Online Breaking News

बनोरा गुरुपीठ में धूमधाम से मना अघोरेश्वर महाप्रभु का जन्मोत्सव, CM विष्णुदेव साय ने किया नवीन स्कूल भवन का लोकार्पण

😊 Please Share This News 😊

रायगढ़। पूज्य अघोरेश्वर महाप्रभु के अवतरण दिवस एवं नवीन स्कूल भवन के लोकार्पण के शुभ अवसर पर जिलेभर के अनुयायी बनोरा स्थित अघोर गुरुपीठ ट्रस्ट में एकत्र हुए। प्रातः से ही आश्रम परिसर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा और पूरा परिसर ‘अघोरान्ना परो मंत्रं’ के जयघोष से गूंजता रहा।

प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी जन्मोत्सव के अवसर पर अनुयायियों द्वारा सेवा कार्य किए गए। मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, मातृ शिशु अस्पताल, वृद्धाश्रम एवं कुष्ठ आश्रम में मरीजों और आश्रितों को फल वितरित किया गया।

धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 08:00 से 08:30 बजे तक पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी द्वारा श्री गुरु चरण पादुका पूजन किया गया। इसके बाद 08:40 से 09:30 बजे तक सामूहिक आरती, 09:30 से 11:30 बजे तक सामूहिक गुरु गीता पाठ एवं हवन का आयोजन हुआ। मध्याह्न 12:00 से 04:00 बजे तक सामूहिक प्रसाद वितरण हुआ। दिन भर डभरा की भजन मंडली द्वारा भक्ति-भजनों की प्रस्तुति दी गई।

नवीन स्कूल भवन का लोकार्पण
विद्यालय प्रांगण में दोपहर 02:00 बजे मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं विशिष्ट अतिथि वित्त मंत्री व स्थानीय विधायक ओ.पी. चौधरी का आगमन हुआ। अतिथियों ने पूज्य अघोरेश्वर की पूजा-अर्चना कर पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी से मार्गदर्शन लिया और पंक्तिबद्ध बैठकर प्रसाद ग्रहण किया।

तत्पश्चात पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी की गरिमामयी उपस्थिति में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के कर-कमलों से नवीन स्कूल भवन का लोकार्पण किया गया। अतिथियों ने नवीन भवन का भ्रमण कर व्यवस्थाओं पर प्रसन्नता व्यक्त की। इस दौरान स्कूली छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।

अतिथियों के उद्बोधन
मुख्यमंत्री साय ने अपने उद्बोधन में पूज्य अघोरेश्वर का स्मरण करते हुए कहा कि उनके स्वर्गीय पिता को अघोरेश्वर का सानिध्य प्राप्त था और उन्हें स्वयं पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी से सदैव जनसेवा का मार्गदर्शन मिलता रहा है, जो उनके राजनीतिक जीवन की अनमोल पूंजी है। उन्होंने नव निर्मित स्कूल को संस्कारों की पाठशाला और क्षेत्र की गौरवशाली उपलब्धि बताया।

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि यह अभिनव स्कूल पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी के संकल्पों की परिणीति है। शिक्षा एवं चिकित्सा के क्षेत्र में संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यह संस्था राजनीति से जुड़े लोगों के लिए भी मिसाल है, जो अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक शिक्षा और चिकित्सा जैसी मूलभूत आवश्यकताएं पहुंचा रही है। उन्होंने इसे शिक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर बताया।

समारोह में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह एवं महापौर जीवर्धन चौहान भी मंचस्थ रहे। सायं 05:30 बजे पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम जी ने उपस्थित जनसमुदाय को आशीर्वचन दिया।

उल्लेखनीय है कि अघोर गुरुपीठ बनोरा द्वारा समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े वंचित, बेसहारा और साधनविहीन लोगों को जीवन की मूलभूत सुविधाएं, विशेषकर चिकित्सा एवं शिक्षा के क्षेत्र में सेवा प्रदान करना प्रमुख उद्देश्य है।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें 

स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे

Donate Now

[responsive-slider id=1466]
error: Content is protected !!