कला के जरिए पीढ़ियों को जोड़ रहा चक्रधर समारोह: प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम, महाराजा चक्रधर की कला साधना को नमन, चक्रधर समारोह की पांचवीं संध्या में कलाकारों का सम्मान – Chhattisgarh Top News

Chhattisgarh Top News

Latest Online Breaking News

कला के जरिए पीढ़ियों को जोड़ रहा चक्रधर समारोह: प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम, महाराजा चक्रधर की कला साधना को नमन, चक्रधर समारोह की पांचवीं संध्या में कलाकारों का सम्मान

😊 Please Share This News 😊

रायगढ़, 18 सितंबर 2026/ 41वें चक्रधर समारोह की पांचवीं सांस्कृतिक संध्या में छत्तीसगढ़ शासन के कृषि मंत्री एवं रायगढ़ जिले के प्रभारी मंत्री श्री रामविचार नेताम शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद महाराजा चक्रधर सिंह के छायाचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्री नेताम ने कहा कि चक्रधर समारोह कला के माध्यम से लोगों को जोड़ने वाला ऐसा मंच है, जहां कला प्रेमी, कलाकार और कला साधक एक साथ आते हैं। उन्होंने रायगढ़ के उन कला प्रेमियों और श्रोताओं को नमन किया, जो पूरी रात बैठकर विभिन्न प्रस्तुतियों का आनंद लेते हैं। कला के प्रति रायगढ़ की यह निरंतर रुचि और समर्पण ही इस समारोह की विशेष पहचान है।

महाराजा चक्रधर सिंह की कला साधना को किया याद

प्रभारी मंत्री ने कहा कि स्वर्गीय महाराजा चक्रधर सिंह ने संगीत और कला के माध्यम से रायगढ़ घराने की पहचान को देशभर में पहुंचाया। विशेष रूप से कथक नृत्य के क्षेत्र में उनके योगदान ने रायगढ़ को देश-दुनिया में अलग पहचान दिलाई। उनकी कला साधना से प्रेरित होकर चक्रधर समारोह आज भी कला की इस परंपरा को आगे बढ़ा रहा है। यह समारोह केवल प्रस्तुतियों का मंच नहीं, बल्कि कला और संस्कृति की परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम भी है, जिसमें प्रदेश सहित देश के अलग-अलग क्षेत्रों से कलाकार शामिल हो रहे हैं।

पांचवें दिन के कलाकारों का किया सम्मान

मंत्री श्री नेताम ने पांचवें दिन प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को चक्रधर समारोह 2026 का स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि कलाकारों की साधना और कला प्रेमियों की सहभागिता से ही ऐसे आयोजन निरंतर आगे बढ़ते हैं। उन्होंने कला प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह, श्री अरुणधर दीवान, श्री श्रीकांत सोमावार, श्री सुभाष पाण्डेय, कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह सहित जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन व पुलिस के अधिकारी, कलाकार और बड़ी संख्या में कला प्रेमी उपस्थित रहे।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें 

स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे

Donate Now

[responsive-slider id=1466]
error: Content is protected !!