*चन्द्रनाहू (चन्द्रा) समाज, रायगढ़ में AI प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न समाज के लोगों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में सराहनीय पहल, 12 सितंबर को होगा तीज मिलन समारोह*
|
😊 Please Share This News 😊
|
रायगढ़। चन्द्रनाहू (चन्द्रा) समाज के सामाजिक भवन, रायगढ़ में बुधवार को दोपहर 2 बजे AI प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की वंदना, पुष्पमाला एवं श्रीफल अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों का पुष्पमाला एवं श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में AI ट्रेनर लक्ष्यदीप चन्द्रा ने उपस्थित सामाजिक बंधुओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के विभिन्न फीचर्स, उपयोग एवं वर्तमान समय में इसकी उपयोगिता के संबंध में सरल एवं व्यावहारिक भाषा में जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित लोगों द्वारा पूछे गए विभिन्न सवालों का समाधान भी उदाहरण सहित समझाया गया।

कार्यक्रम में हरिकिशोर चन्द्रा, अध्यक्ष नगर पंचायत किरोड़ीमल नगर; कौशल किशोर चन्द्रा, उप प्रबंधक जिंदल स्टील लिमिटेड; सत्यनारायण चन्द्रा, समाजसेवी भोथिया; भगत चन्द्रा, अध्यक्ष चन्द्रनाहू (चन्द्रा) समिति रायगढ़; भुनेश्वर चन्द्रा, सेवानिवृत्त उप महाप्रबंधक SECL; भीष्म चन्द्रा, सेवानिवृत्त फौजी तथा बालेश्वर चन्द्रा, सेवानिवृत्त होमगार्ड सहित समाज के अनेक सामाजिक बंधुओं एवं मातृशक्ति की गरिमामय उपस्थिति रही।
अतिथियों ने की AI प्रशिक्षण कार्यक्रम की सराहना
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए AI प्रशिक्षण कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में AI का ज्ञान अत्यंत उपयोगी एवं आवश्यक है। समाज के लोगों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने तथा नई पीढ़ी को तकनीकी रूप से सक्षम बनाने के लिए इस प्रकार के ज्ञानवर्धक एवं शैक्षणिक कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाने चाहिए।
अतिथियों ने समाजहित में भविष्य में भी तकनीकी, शैक्षणिक एवं जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का सुझाव दिया।
12 सितंबर को होगा तीज मिलन समारोह
AI प्रशिक्षण कार्यक्रम के पश्चात आगामी तीज मिलन समारोह के आयोजन को लेकर सार्थक एवं सकारात्मक चर्चा की गई। चर्चा के उपरांत सर्वसम्मति से 12 सितंबर 2026 को तीज मिलन समारोह आयोजित करने की तिथि सुनिश्चित की गई। समाज के सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल एवं यादगार बनाने के लिए आपसी सहयोग और सहभागिता का संकल्प लिया।
चन्द्रनाहू (चन्द्रा) समिति, रायगढ़ के अध्यक्ष भगत चन्द्रा ने AI प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी अतिथियों, सामाजिक बंधुओं, मातृशक्ति एवं आयोजन से जुड़े सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज की एकता, सहयोग एवं आपसी सद्भाव ही समाज की प्रगति की सबसे बड़ी शक्ति है।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

