स्मार्ट हुआ डाक विभाग! अब UPI से होगा पेमेंट, कई सेवाएं हुईं डिजिटल
|
😊 Please Share This News 😊
|
भोजपुर: भोजपुर-बक्सर व पूरे बिहार के डाकघरों से जुड़े ग्राहकों के लिए बहुत अच्छी खबर है. अब बैंक की तरह डाक विभाग भी अपडेट होने लगा है. बैंक की तरह अब ग्राहक UPI से पेमेंट यहां भी कर सकेंगे. दो दिन पहले डाक विभाग ने अपने प्रणाली को और हाईटेक करते हुए एडवांस पोस्टल टेक्नोलॉजी (एपीटी) से जोड़ दिया है. इससे ग्राहकों के काम घंटों के बजाए मिनटों में निपट जाएंगे. इस टेक्नोलॉजी के जरिये पूरे बिहार के डाकघरों से जुड़े ग्राहकों को सुविधाएं मिलेंगी. सर्वर डाउन की समस्या खत्म होगी. डिजिटल भुगतान में तेजी आएगी और पोस्टमैन को जीपीएस और ओटीपी-आधारित डिलीवरी करना आसान होगा.
एपीटी एप्लिकेशन लांच
डाक विभाग के सिस्टम एडमिन ताराकांत उपाध्याय ने बताया कि नई पीढ़ी को देखते हुए एपीटी एप्लिकेशन लांच किया है. इस प्रणाली को सभी डाकघरों में प्रधान डाकघर, एनडीसी, उपडाकघरों और सभी शाखा डाकघरों से जुड़े ग्राहकों के काम तेजी से निपटेंगे. यह फैसला डाक विभाग ने अपने ऑपरेशन को और अधिक तेज़, ट्रैक करने में आसान और आधुनिक बनाने के मकसद से लिया है. डाक विभाग ने सभी सरकारी विभागों, अदालतों, विश्वविद्यालयों और अन्य संस्थानों को 1 सितंबर से पहले अपनी सेवाओं को स्पीड पोस्ट में ट्रांसफर करने का निर्देश दे दिया है.
कागज कलम का झंझट खत्म
इस व्यवस्था से सभी सेवाएं डिजिटल होने से कागज कलम का झंझट खत्म होगा. ज्यादा ग्राहक, इंटरफेस सुविधा, डाक वितरण में तेजी आएगी. एपीटी के जरिए हर अधिकारी और कर्मचारी की आईडी होगी. इससे सभी की जवाबदेही भी तय हो सकेगी. ग्राहकों के लिए सुविधाएं हाईटेक हुई. ग्राहक अब क्यूआर कोड स्कैन करके यूपीआई से डिजिटल भुगतान कर सकेंगे. बुकिंग से डिलीवरी तक ग्राहक पार्सल की स्थिति को आसानी से ट्रैक कर सकेंगे. ग्राहक मोबाइल ऐप के जरिए स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री बुकिंग सेवाओं का लाभ ले सकेंगे. डाक सेवा ऐप के जरिए सभी सुविधाएं एकल खिड़की पर ग्राहकों को मिल सकेंगी. इसके अलावे वेबसाइट पर ग्राहक सीधे शिकायत भी कर सकेंगे.
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

