अटल आरोग्य लैब से 32 हजार से अधिक मरीजों को मिला लाभ – Chhattisgarh Top News

Chhattisgarh Top News

Latest Online Breaking News

अटल आरोग्य लैब से 32 हजार से अधिक मरीजों को मिला लाभ

😊 Please Share This News 😊

रायगढ़, 20 नवम्बर 2026 / शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ जांच सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में अटल आरोग्य लैब महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस योजना से मरीजों को अब कई जरूरी जांचों के लिए निजी पैथोलॉजी सेंटरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ रहा है।

जिले में 1 जुलाई से 16 नवंबर 2026 तक अटल आरोग्य लैब के माध्यम से कुल 32 हजार 784 मरीजों की 1 लाख 7 हजार 655 जांचें की जा चुकी हैं। निःशुल्क जांच की इस सुविधा से विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को बड़ी राहत मिल रही है।

कहां कितनी जांचें हुईं

जिले में संचालित अटल आरोग्य लैब के आंकड़ों के अनुसार, किरोड़ीमल जिला चिकित्सालय रायगढ़ में इस अवधि में 22 हजार 949 मरीजों की 75 हजार 359 जांचें की गईं। वहीं सामुदायिक एवं अन्य संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों में 6 हजार 557 मरीजों की 21 हजार 531 जांचें तथा प्राथमिक एवं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में 3 हजार 278 मरीजों की 10 हजार 765 जांचें संपन्न हुईं।

यह आंकड़े बताते हैं कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में जांच सुविधाओं का लाभ बड़ी संख्या में मरीजों तक पहुंच रहा है।

जिला चिकित्सालय में 134 प्रकार की जांच की सुविधा

अटल आरोग्य लैब के अंतर्गत अलग-अलग स्तर के स्वास्थ्य संस्थानों में जांच सुविधाओं का विस्तार किया गया है। जिला चिकित्सालय रायगढ़ में 134 प्रकार की जांच उपलब्ध हैं। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 111, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में 97 तथा प्राथमिक एवं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में 63 प्रकार की जांच की सुविधा दी जा रही है।

इससे मरीजों को अपनी जरूरत के अनुसार नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में जांच कराने की सुविधा मिल रही है।

ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंची आधुनिक जांच सुविधा

जिले में अटल आरोग्य लैब की सुविधा जिला चिकित्सालय के साथ मेडिकल कॉलेज अस्पताल, सिविल अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक विस्तारित है।

वर्तमान में जिला चिकित्सालय, मेडिकल कॉलेज अस्पताल, 2 सिविल अस्पताल, 7 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, 3 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 44 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

घरघोड़ा, लोईंग, पुसौर, तमनार, खरसिया सहित विभिन्न क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों में जांच सुविधा मिलने से ग्रामीण मरीजों को छोटी-बड़ी जांचों के लिए जिला मुख्यालय तक आने की जरूरत कम हुई है।

डिजिटल रिपोर्ट से मरीजों को सुविधा, उपचार में भी मिल रही मदद

अटल आरोग्य लैब में जांच प्रक्रिया को आधुनिक और सुविधाजनक बनाया गया है। जांच के बाद रिपोर्ट डिजिटल माध्यम से मरीजों तक पहुंचाने की व्यवस्था है। इससे रिपोर्ट प्राप्त करने के लिए मरीजों को बार-बार अस्पताल आने की परेशानी कम होती है।

समय पर जांच रिपोर्ट उपलब्ध होने से चिकित्सकों को उपचार संबंधी निर्णय लेने में भी सुविधा मिलती है। इस व्यवस्था से मरीजों का समय और खर्च बचने के साथ उपचार प्रक्रिया को भी गति मिल रही है।

134 कर्मियों की तैनाती से मिल रही जांच सुविधा

जिले में अटल आरोग्य लैब के सुचारू संचालन के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों और तकनीकी कर्मचारियों की तैनाती की गई है। 2 पैथोलॉजिस्ट, 4 लैब कोऑर्डिनेटर, 55 लैब टेक्नीशियन, 52 फ्लेबोटोमिस्ट और 20 रनर बॉय सहित कुल 134 कर्मियों का अमला जांच सेवाओं से जुड़ा है। इनके माध्यम से नमूना संग्रहण से लेकर जांच और रिपोर्ट उपलब्ध कराने तक की प्रक्रिया संचालित की जा रही है।

अटल आरोग्य लैब के माध्यम से बड़ी संख्या में मरीजों को स्थानीय स्तर पर जांच की सुविधा मिलने से स्वास्थ्य सेवाएं अधिक सुलभ हो रही हैं। इसका सीधा लाभ उन मरीजों को मिल रहा है, जिन्हें पहले जरूरी जांच के लिए दूर जाना पड़ता था या निजी जांच केंद्रों पर खर्च करना पड़ता था।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें 

स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे

Donate Now

[responsive-slider id=1466]
error: Content is protected !!