अवैध धान भंडारण और परिवहन पर प्रशासन की कड़ी निगरानी, जिले में अब 1,876 क्विंटल धान जब्त
|
😊 Please Share This News 😊
|
रायगढ़, 20 नवम्बर 2026 / खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन कार्य में पारदर्शिता बनाए रखने और कोचियों एवं बिचौलियों द्वारा अवैध धान परिवहन, भंडारण तथा विक्रय पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमें जिले के विभिन्न तहसील क्षेत्रों में गोदामों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और धान भंडारण स्थलों का निरीक्षण कर रही हैं। इस दौरान अवैध रूप से भंडारित धान मिलने पर जब्ती की कार्रवाई की जा रही है।
जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि 11 नवंबर से 20 नवंबर तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान कुल 16 प्रकरण दर्ज कर 4,691 बोरी धान जब्त किया गया है। जब्त धान की कुल मात्रा 1,876.40 क्विंटल है।
19 नवंबर को 9 ठिकानों पर एक साथ दबिश
19 नवंबर को राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमों ने लैलूंगा, पुसौर और धरमजयगढ़ क्षेत्र में व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान नौ ठिकानों पर कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में धान जब्त किया गया।
धरमजयगढ़ – ग्राम खड़गांव में पांच गोदामों से 504.40 क्विंटल जब्त
अग्रवाल ट्रेडर्स के रमेश कुमार अग्रवाल के गोदाम से 547 बोरी (218.80 क्विंटल)
गोयल ट्रेडर्स के विनोद कुमार के गोदाम से 370 बोरी (148 क्विंटल)
नरेश कुमार गोयल के गोदाम से 250 बोरी (100 क्विंटल)
प्रतीक ट्रेडर्स के मनोज गोयल के गोदाम से 65 बोरी (26 क्विंटल)
ओम जनरल स्टोर के जलेश्वर गोयल के गोदाम से 29 बोरी (11.60 क्विंटल)
इन पांचों गोदामों से कुल 1,261 बोरी यानी 504.40 क्विंटल धान जब्त हुआ।
लैलूंगा – झगरपुर और लारीपानी में कार्रवाई
ग्राम झगरपुर में संतोष अग्रवाल के गोदाम में रखे 950 बोरी तथा पिकअप वाहन में लोड 40 बोरी, इस प्रकार कुल 990 बोरी (396 क्विंटल) धान जब्त
इसी गांव में विकास अग्रवाल के ठिकाने से 65 बोरी (26 क्विंटल) धान बरामद
ग्राम लारीपानी में शिवम गर्ग के पास से 350 बोरी (140 क्विंटल) धान जब्त
पुसौर – नेतनागर में पंजीयन से अधिक धान मिला
ग्राम नेतनागर में कृषक मंगल साव के गोदाम की जांच के दौरान उनके धान पंजीयन में दर्ज मात्रा से 579 बोरी (231.60 क्विंटल) अतिरिक्त धान पाया गया। संयुक्त टीम ने अतिरिक्त धान जब्त करने की कार्रवाई की।
20 नवंबर को कुडुमकेला और सिसरिंगा में बड़ी कार्रवाई
अवैध धान भंडारण के विरुद्ध अभियान के तहत 20 नवंबर को भी दो स्थानों पर बड़ी कार्रवाई की गई।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) घरघोड़ा के निर्देशानुसार खाद्य एवं मंडी विभाग की टीम ने ग्राम कुडुमकेला स्थित कोसरिया जनरल स्टोर में दबिश दी। जांच के दौरान यहां अवैध रूप से भंडारित 150 बोरी यानी 60 क्विंटल धान पाया गया, जिसे मंडी अधिनियम के तहत जब्त किया गया।
इसी दिन धरमजयगढ़ अनुविभाग के ग्राम सिसरिंगा में राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने टिकेश्वर यादव के गोदाम की जांच की। यहां से 1,100 कट्टा यानी 440 क्विंटल धान जब्त करने की कार्रवाई की गई।
अन्य तहसीलों में भी लगातार कार्रवाई
लैलूंगा विकासखंड के ग्राम मुकडेगा में 11 नवंबर को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने सुदर्शन चौहान के पास से 34 बोरी (13.60 क्विंटल) धान जब्त किया था।
रायगढ़ क्षेत्र में 18 नवंबर को काशीराम चौक में विनोद जांगड़े के ठिकाने से 70 बोरी (28 क्विंटल) तथा 14 नवंबर को ग्राम साल्हेओना में उद्धव दीवान के पास से 30 बोरी (12 क्विंटल) धान जब्त किया गया।
खरसिया तहसील के ग्राम चोढ़ा में 18 नवंबर को शरद अग्रवाल के पास से 32 बोरी (12.80 क्विंटल) और अनिल कुमार अग्रवाल के पास से 30 बोरी (12 क्विंटल) धान बरामद किया गया।
मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई, जांच अभियान जारी
संयुक्त जांच दलों द्वारा अवैध धान भंडारण पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषि उपज मंडी अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। कोचियों एवं बिचौलियों द्वारा अवैध धान परिवहन, भंडारण और विक्रय पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से जांच एवं निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा। अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

