रायगढ़ पुलिस का बड़ा खुलासा: GPS ट्रैकर से पकड़ाया राशन चोर गिरोह, 5 आरोपी गिरफ्तार, 38.60 लाख की संपत्ति जब्त
|
😊 Please Share This News 😊
|
रायगढ़, 27 अक्टूबर 2026/ रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में शासकीय उचित मूल्य दुकानों को निशाना बनाकर चावल और शक्कर की चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए रायगढ़ पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ग्राम नवापारा, कोडकेल और कोतमरा की शासकीय राशन दुकानों से चोरी की गई कुल 115 बोरी चावल और 2 बोरी शक्कर बरामद की है। इसके साथ ही वारदात में प्रयुक्त क्रेटा और इनोवा कार सहित कुल 38.60 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
जानकारी के अनुसार पुसौर थाना क्षेत्र में इस वर्ष लगातार शासकीय राशन दुकानों में चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं। ग्राम औरदा, तड़ोला, कवाहरिहा, चिखली, बासनपाली, बोंडा, खोखरा, कोटमर्रा, कोडोली, घुटकुपाली, नवापारा और तिलगी सहित एक दर्जन गांवों की दुकानों से सैकड़ों बोरी चावल-शक्कर चोरी हुई थी।
लगातार हो रही चोरियों से परेशान सोसायटी संचालकों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की थी। एसएसपी के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह ने घटनाओं का विश्लेषण किया तो सामने आया कि आरोपी तेज रफ्तार वाहनों से आते थे और रात में वारदात कर फरार हो जाते थे।
शक्कर बोरी में छिपाया GPS ट्रैकर, ऐसे फंसे चोर
चोरियों पर अंकुश के लिए पुलिस ने राशन दुकान संचालकों की बैठक लेकर GPS ट्रैकर के उपयोग की सलाह दी। पुलिस की सलाह पर एक शक्कर की बोरी में GPS ट्रैकर छिपाकर रखा गया। 25-26 अक्टूबर की दरमियानी रात ग्राम कोतमरा की दुकान में चोरी हुई, आरोपी ट्रैकर लगी बोरी भी उठा ले गए।
GPS सिग्नल का पीछा करते हुए पुलिस टीम पत्थलगांव पहुंची, जहां राशन दुकान संचालक सेवाल कुजूर के पास ट्रैकर लगी शक्कर की बोरी मिली। पूछताछ में उसने बताया कि मोहम्मद हफीज, समीर आलम, डमरूधर खूंटे और संतोष कुमार माहेश्वरी माल बेचने के इरादे से उसके पास छोड़कर गए थे। पुलिस ने दबिश देकर पांचों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चावल से भरी क्रेटा और इनोवा कार बरामद हुई।
पुलिस ने 115 बोरी चावल और 2 बोरी शक्कर (कीमत 3.60 लाख) तथा दोनों कार (कीमत 35 लाख) सहित कुल 38.60 लाख की संपत्ति जब्त की है। आरोपियों के विरुद्ध धारा 305(a), 331(4), 317(4), 111 और 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
सेवाल कुजूर, पिता फिरन कुजूर, उम्र 52 वर्ष, निवासी वार्ड क्र. 08, रायगढ़ चौकी कोतबा, जिला जशपुर; हाल मुकाम मुड़ापारा, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर
समीर आलम, पिता महमूद आलम, उम्र 26 वर्ष, निवासी कनकपुर, थाना रामानुजगंज, जिला बलरामपुर
मोहम्मद हफीज, पिता मोहम्मद हनीफ, उम्र 26 वर्ष, निवासी शांतिनगर तिलडेगा, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर
संतोष कुमार माहेश्वरी, पिता कार्तिकराम माहेश्वरी, उम्र 33 वर्ष, निवासी गोढ़ीकेला, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर
डमरूधर खूंटे, पिता रामाधार खूंटे, उम्र 36 वर्ष, निवासी गोढ़ीकेला, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि संगठित गिरोहों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस और नागरिकों के बीच समन्वय तथा आधुनिक तकनीक का उपयोग महत्वपूर्ण है।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

