शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय रायगढ़ में प्रथम बैच का प्रवेशोत्सव, विद्यार्थियों ने पहना व्हाइट कोट – Chhattisgarh Top News

Chhattisgarh Top News

Latest Online Breaking News

शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय रायगढ़ में प्रथम बैच का प्रवेशोत्सव, विद्यार्थियों ने पहना व्हाइट कोट

😊 Please Share This News 😊

रायगढ़, 25 नवम्बर 2026/ शासकीय फिजियोथेरेपी महाविद्यालय, रायगढ़ में प्रथम बैच के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के स्वागत में प्रवेशोत्सव एवं इंडक्शन सेरेमनी का आयोजन किया गया।

अस्पताल के लेक्चर हॉल में आयोजित इस गरिमामय समारोह में विद्यार्थियों को फिजियोथेरेपी शिक्षा, चिकित्सा सेवा के दायित्वों और भविष्य की व्यावसायिक संभावनाओं से परिचित कराया गया। प्रथम बैच का यह आयोजन महाविद्यालय की शैक्षणिक यात्रा की शुरुआत के साथ ही जिले में फिजियोथेरेपी शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. संतोष कुमार ने की। मेडिकल कॉलेज के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. डी.एस. पटेल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रफुल्ल बानी, नोडल अधिकारी डॉ. अनिमेष कुर्रे, एनाटॉमी विभाग की डॉ. ऋचा गुरुदिवान, कम्युनिटी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. सोफिया नूर, डॉ. ऋतु शर्मा सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, चिकित्सक एवं अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत-अभिनंदन के साथ हुआ। प्रथम बैच के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर समारोह को शुभारंभ दिया।

ज्ञान, कौशल और संवेदना से बनेगा बेहतर चिकित्सक –

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रफुल्ल बानी ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए फिजियोथेरेपी शिक्षा के महत्व और महाविद्यालय की स्थापना की पृष्ठभूमि पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को ज्ञान, कौशल और मानवीय संवेदना को अपने जीवन एवं पेशे का आधार बनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि एक सफल फिजियोथेरेपिस्ट बनने के लिए केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यावहारिक दक्षता और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार भी जरूरी है।

बीमारी और दुर्घटना के बाद आत्मनिर्भरता की राह दिखाती है फिजियोथेरेपी –

कार्यक्रम के अध्यक्ष डीन डॉ. संतोष कुमार ने फिजियोथेरेपी की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि यह चिकित्सा पद्धति बीमारी, दुर्घटना या शारीरिक अक्षमता के कारण प्रभावित लोगों के जीवन में नई आशा जगाती है। फिजियोथेरेपी के माध्यम से मरीजों को दोबारा चलने-फिरने, दैनिक कार्य करने और आत्मनिर्भर जीवन की ओर बढ़ने में मदद मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस पेशे को सेवा, समर्पण और जिम्मेदारी के भाव के साथ अपनाने का आह्वान किया।

अनुशासन और सम्मान से मिलेगी पेशे में सफलता –

विशिष्ट अतिथि डॉ. डी.एस. पटेल ने विद्यार्थियों को अनुशासन, समयबद्धता और सभी के प्रति सम्मान की भावना अपनाने की सीख दी। उन्होंने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए शैक्षणिक ज्ञान के साथ सकारात्मक व्यवहार और अनुशासित जीवनशैली भी आवश्यक है। डॉ. पूजा साहू ने विद्यार्थियों को फिजियोथेरेपी के व्यापक कार्यक्षेत्र, विभिन्न चिकित्सा विधाओं में इसकी उपयोगिता तथा भविष्य में उपलब्ध करियर अवसरों की जानकारी दी।

व्हाइट कोट सेरेमनी से शुरू हुई पेशेवर यात्रा –

समारोह का विशेष आकर्षण व्हाइट कोट सेरेमनी रही। इस दौरान नवप्रवेशित विद्यार्थियों को एप्रन पहनाकर चिकित्सा शिक्षा और सेवा के क्षेत्र में उनकी नई यात्रा का प्रतीकात्मक शुभारंभ किया गया। प्रारंभिक क्लिनिकल शिक्षा के प्रतीक के रूप में विद्यार्थियों को पर्कशन हैमर भी प्रदान किए गए।

इस अवसर ने विद्यार्थियों में अपने पेशे के प्रति गर्व, उत्साह और जिम्मेदारी का भाव जागृत किया। विद्यार्थियों को बताया गया कि प्रथम बैच का हिस्सा होने के नाते संस्थान की शैक्षणिक संस्कृति, अनुशासन और भविष्य की पहचान स्थापित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्हें निरंतर अध्ययन, नियमित अभ्यास और नैतिक मूल्यों के पालन के साथ योग्य, कुशल एवं संवेदनशील फिजियोथेरेपिस्ट बनने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में नोडल अधिकारी डॉ. अनिमेष कुर्रे ने अतिथियों, विभागाध्यक्षों, चिकित्सकों, अधिकारियों और आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

प्रथम बैच का यह प्रवेशोत्सव विद्यार्थियों के लिए नई शैक्षणिक यात्रा का शुभारंभ होने के साथ ही छत्तीसगढ़ में फिजियोथेरेपी शिक्षा और पुनर्वास सेवाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें 

स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे

Donate Now

[responsive-slider id=1466]
error: Content is protected !!