सिंदूर पार्क में जिला संवाद में डीएमएफ पर गरमाई सियासत, वित्त मंत्री के स्पष्टीकरण के बाद कुंद पड़ी विपक्ष की धार
|
😊 Please Share This News 😊
|
रायगढ़:- सिंदूर पार्क में आयोजित जिला संवाद इस बार सिर्फ संवाद नहीं, बल्कि डीएमएफ मद को लेकर सियासी अखाड़ा बन गया।
खरसिया विधायक उमेश पटेल, लैलूंगा विधायक विद्यावती सिदार और धर्मजयगढ़ विधायक लालजीत राठिया लगातार हमलावर रहे। तीनों का एक ही आरोप था कि डीएमएफ निधि का उपयोग प्रभावित क्षेत्रों में करने की बजाय एक जगह विशेष में किया जा रहा है।
डीएमएफ निधि के दुरुपयोग को लेकर विपक्ष के हमले पर वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी की बारी आई तो उन्होंने बहस का रुख ही बदल दिया। उन्होंने शालीनता पूर्वक मुस्कुराते हुए इस मसले में लगाए गए आरोपों का तथ्यों से जवाब दिया। उन्होंने सीधे कागजों से आंकड़े निकालकर जनता के सामने रख दिए।
डीएमएफ को लेकर रायगढ़ जिले के रायगढ़, पुसौर, लैलूंगा, खरसिया, धर्मजयगढ़ ब्लाक में कुल राशि के कितने प्रतिशत काम हुए, सब कुछ आम जनता के सामने बताया।
ओपी चौधरी की इसी साफगोई ने पूरे संवाद को जीत लिया। उन्होंने जिले वासियों को विश्वास दिलाते हुए कहा डीएमएफ निधि का दुरुपयोग उनके रहते नहीं किया जा सकता। यह सिर्फ बयानबाजी तक सीमित नहीं है बल्कि यह बात उन्होंने आंकड़ों से साबित भी की।
ब्लाकवार हिसाब जो सामने आया –
रायगढ़ विकासखंड में पिछले दो वर्षों में लगभग 18.5%, धरमजयगढ़ में 27%, घरघोड़ा में 11%, तमनार में 13%, लैलूंगा में 29% और पुसौर में 2.5% काम स्वीकृत होने का हिसाब सुनकर विपक्ष के आरोप एक सिरे से खारिज हो गए।
सबसे बड़ी बात यह रही कि कांग्रेस के विधायक यह बताने में असमर्थ रहे कि उनके कार्यकाल में इस मद की राशि का सदुपयोग किस तरह से हुआ। भूपेश सरकार के दौरान डीएमएफ की राशि कहां और कैसे खर्च हुई, तो हमलावर विधायकों के पास कोई ठोस जवाब नहीं था।
याद दिलाना जरूरी है कि भूपेश सरकार के दौरान डीएमएफ मद की बंदरबांट को लेकर भूपेश सरकार लगातार विपक्ष के निशाने पर रही थी। तब इस निधि से अनुपयोगी खरीदी, मनमाने भुगतान और घोटालों की चर्चा आम थी। प्रदेश की साख पर भी इससे बट्टा लगा था।
ओपी चौधरी ने कहा कि अब वह दौर बदल गया है। अब यह राशि खरीदी-बिक्री में नहीं, बल्कि स्कूल जीर्णोद्धार, स्कूल भवन, सड़क, एमएमजीएसवाई और पीएमजीएसवाई जैसे कार्यों में खर्च हो रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि डीएमएफ किसी एक व्यक्ति या एक क्षेत्र की नहीं, बल्कि पूरे जिले के विकास की निधि है।
ओपी चौधरी के स्पष्टीकरण के बाद हमलावर विपक्ष की धार कुंद पड़ गई। जो विधायक पहले लगातार आरोप लगा रहे थे, वे आंकड़ों के सामने चुप हो गए। मंच पर मौजूद लोगों ने भी इस बात को माना कि पहले डीएमएफ का नाम आते ही घोटाले की चर्चा होती थी। आज चर्चा इस बात पर हो रही है कि राशि खर्च हो रही है और काम हो रहा है।
संवाद में मौजूद दर्शकों और जनप्रतिनिधियों ने ओपी चौधरी की इस शैली की भरपूर सराहना की। लोगों का कहना था कि नेता अक्सर आरोपों पर बयानबाजी करते हैं, लेकिन ओपी चौधरी ने आंकड़ों से बात की और हर सवाल का तथ्यों के साथ जवाब दिया। उनकी शांत मुद्रा, कागजों में दर्ज हिसाब और मुस्कुराते हुए जवाब देने के अंदाज ने विपक्ष के तीखे आरोपों को भी हल्का कर दिया।
जब हिसाब जनता के सामने हो तो आरोप अपने आप कमजोर पड़ जाते हैं। ओपी चौधरी की साफगोई ने इस बार यही साबित किया कि विकास की बहस आंकड़ों से ही जीती जाती है, शोर से नहीं।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

