साइबर जागृति अभियान: मुख्य मार्ग पर लोगों को एकत्रित कर भूपदेवपुर पुलिस ने बताए ठगी से बचाव के उपाय, सातवें सप्ताह में गांव-गांव लगेगी साइबर चौपाल
|
😊 Please Share This News 😊
|
रायगढ़, 27 सितंबर 2026। साइबर अपराधों की रोकथाम एवं नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 02 अक्टूबर तक प्रदेशव्यापी “साइबर जागृति अभियान” चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में रायगढ़ जिले के सभी थाना क्षेत्रों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम हो रहे हैं। इसी क्रम में भूपदेवपुर पुलिस ने स्कूलों, स्थानीय प्लांट एवं ग्राम स्तर पर कार्यक्रम के साथ अब मुख्य मार्गों पर लोगों के समूहों को एकत्रित कर साइबर अपराध के नए तरीकों एवं बचाव के उपाय बताए।

पुलिसकर्मियों ने बताया कि साइबर अपराधी फर्जी बैंक कॉल, KYC अपडेट, OTP, UPI फ्रॉड, फर्जी लिंक, QR कोड, सोशल मीडिया हैकिंग, ऑनलाइन नौकरी एवं निवेश, फर्जी कस्टमर केयर और डिजिटल अरेस्ट जैसे तरीकों से लोगों को शिकार बनाते हैं। पुलिस ने समझाया कि बैंक, पुलिस या सरकारी एजेंसी के नाम पर फोन कर OTP, ATM/CVV, UPI PIN, पासवर्ड या बैंक खाते की गोपनीय जानकारी मांगे तो किसी भी स्थिति में साझा न करें। अनजान व्यक्ति के भेजे लिंक पर क्लिक करने, APK या अनजान एप डाउनलोड करने तथा बिना जानकारी QR कोड स्कैन करने से बचें। UPI PIN केवल पैसे भेजते समय लगता है, प्राप्त करने के लिए नहीं।
डिजिटल अरेस्ट से सावधान
पुलिस ने बताया कि साइबर ठग पुलिस, CBI, ED, RBI या अन्य एजेंसी के अधिकारी बनकर वीडियो कॉल कर डराते हैं और गिरफ्तारी का भय दिखाकर पैसे मांगते हैं। ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय कॉल तत्काल काटकर आधिकारिक माध्यम से पुष्टि करें। किसी भी वास्तविक सरकारी एजेंसी द्वारा फोन या वीडियो कॉल पर “डिजिटल अरेस्ट” कर पैसे जमा कराने की प्रक्रिया नहीं होती। सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों से सावधानी बरतने, निजी फोटो-वीडियो एवं गोपनीय जानकारी साझा न करने की अपील की गई।
पुलिस ने बताया कि ऑनलाइन खरीदारी, नौकरी, लोन, निवेश, बीमा, लॉटरी या आकर्षक ऑफर के संदेशों पर तत्काल भरोसा न करें और भुगतान से पहले सत्यता जांचें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें तथा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। साथ ही बैंक को सूचना देकर लेनदेन रोकने का प्रयास करें। शुरुआती समय में की गई शिकायत महत्वपूर्ण होती है।
सातवां सप्ताह: गांव-गांव लगेगी साइबर चौपाल
साइबर जागृति अभियान का सातवां सप्ताह 27 सितंबर से 02 अक्टूबर तक ग्रामीण एवं अर्धशहरी क्षेत्रों पर केंद्रित रहेगा। इस दौरान “साइबर चौपाल” का आयोजन कर नागरिकों से सीधा संवाद किया जाएगा। चौपाल में डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, OTP/UPI फ्रॉड, सोशल मीडिया अपराध, ऑनलाइन ठगी और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी दी जाएगी।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

