शासन द्वारा संचालित योजनाओं का हो बेहतर क्रियान्वयन-सांसद श्रीमती गोमती साय ओव्हर लोड गाडिय़ों पर लगातार कार्यवाही के दिए निर्देश सांसद श्रीमती साय ने ली जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक
|
😊 Please Share This News 😊
|
रायगढ़, 30 सितम्बर 2022/ रायगढ़ लोकसभा सांसद श्रीमती गोमती साय की अध्यक्षता में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष रायगढ़ में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति दिशा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में केन्द्र द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री निराकार पटेल, महापौर श्रीमती जानकी काटजू, अध्यक्ष जनपद पंचायत रायगढ़ श्रीमती भूमिसूता विनोद चौहान, श्रीमती सुनीति सत्यानंद राठिया, श्रीमती गोपिका गुप्ता, श्री सुभाष पाण्डेय, कलेक्टर श्रीमती रानू साहू, सीईओ जिला पंचायत श्री अबिनाश मिश्रा, सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
सांसद श्रीमती गोमती साय ने केंद्र द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि दिशा समिति की बैठक का उद्देश्य जिले में योजनाओं के क्रियान्यवन एवं उसके प्रगति का मूल्यांकन करना है। बैठक में सांसद श्रीमती साय ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, दीनदयाल अंत्योदय योजना, दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन-शहरी एवं ग्रामीण, रूर्बन मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा की।
सांसद श्रीमती साय ने जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि छाल, धरमजयगढ़ एवं पत्थलगांव मार्ग की सड़कों की स्थिति में जल्द से जल्द सुधार करने एवं मरम्मत कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसी प्रकार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यो को भी शीघ्रता से पूरा कराने की बात कही। उन्होंने सड़कों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान देने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान भारी वाहनों के कारण सड़कों के खराब होने की जानकारी प्राप्त होने पर आरटीओ को भारी मालवाहक वाहनों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जिस पर कलेक्टर श्रीमती साहू ने संयुक्त टीम बना कर वाहनों की जांच व कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ विभाग द्वारा संचालित आयुष्मान भारत, चिरायु, खूबचंद बघेल के प्रगति की जानकारी ली। श्रीमती साय ने कहा की जिले में आयुष्मान कार्ड नहीं लेने वाले अस्पतालों पर कार्यवाही की जाए साथ ही कितने अस्पतालों में लोगों को स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है जांच करें। पीएचई विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने जल जीवन मिशन की कार्यों की कमेटी गठित कर जांच करवाने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को लो-वोल्टेज की समस्या के निराकरण के लिए कार्य करने व अधिक बिजली बिल की शिकायत पर त्वरित निराकारण के निर्देश दिए। उन्होंने जर्जर आंगनबाड़ी एवं भवन विहीन आंगनबाडिय़ों के निर्माण हेतु प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए।
श्रीमती साय ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के संबंध में किसानों में जागरूकता लाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने रबी फसल की तैयारी हेतु सरसों, गेहूं सहित अन्य फसलों के उन्नत किस्म के बीज किसानों को उपलब्ध कराने के लिये कहा। इसके साथ ही उन्होंने उद्यानिकी विभाग को फसलों के पौधे सही समय में प्रदाय करने के निर्देश दिए, जिससे किसानों को लाभ मिल सके। श्रीमती साय ने सभी जनप्रतिनिधियों, कलेक्टर सहित समस्त जिला प्रशासन को केन्द्र एवं राज्य द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ जिले के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने हेतु कार्य करने के निर्देश दिए। जिससे अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती साहू ने सांसद श्रीमती साय को जिले में आमजनों के हित में वर्तमान में किये जा रहे कार्य योजनाओं के बारे में जानकारी दी। कलेक्टर श्रीमती साहू ने बताया कि बताया कि सभी विकास खंडों के गौठानों में मल्टी एक्टिविटी गतिविधियां संचालित कर ग्रामीण एवं महिलाओं को रोजगार प्रदान किया जा रहा है इसके अलावा जिले के चयनित गौठानो को ग्रामीण औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। श्रीमती साहू ने बताया कि किसानों को लाभ पहुंचाने हेतु किसान संगठन एफपीओ का गठन किया गया है।
सीईओ जिला पंचायत श्री अबिनाश मिश्रा ने बताया कि जिले में मनरेगा के तहत सामुदायिक एवं हितग्राही मूलक कार्य स्वीकृत कर लोगों को रोजगार प्रदान किया जा रहा है। एफआरए हितग्राहियों को बकरी, गाय कोठा दिया जा रहा है। इसके अलावा जमीन का समतलीकरण के साथ ही कुंआ, डबरी, तालाब निर्माण के कार्य होने से किसानों को अतिरिक्त आय प्राप्त होगा। आजीविका मिशन के तहत समूह गठित कर उन्हें आजीविका से जोड़ा जा रहा है।
सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दुर्घटनाओं की ली जानकारी
सांसद श्रीमती गोमती साय ने इस दौरान जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने जिले के सड़क दुर्घटनाओं की जानकारी ली। संबंधित अधिकारी द्वारा बताया गया कि हाईवे के अपेक्षा ग्रामीण अंचलों में सड़क दुर्घटना के प्रकरण अधिक है। इसके अलावा वर्तमान में सड़क दुर्घटना की संख्या में वृद्धि हुई है लेकिन मृतकों की संख्या में कमी आयी है। सांसद श्रीमती साय ने सड़क दुर्घटना को रोकने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने ब्लेक स्पॉट में दुर्घटना रोकने आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना का मुख्य कारण लोगों में जागरूकता की कमी भी एक वजह है। इसलिए लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी जाए। इसके अलावा सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों के सहायता के लिए भी लोगों को प्रेरित किया जाए, ताकि दुर्घटना में होने वाले मृत्यु दर में कमी आए।

2 अक्टूबर शुष्क दिवस घोषित
रायगढ़, 30 सितम्बर 2022/ छत्तीसगढ़ शासन द्वारा गांधी जयंती 2 अक्टूबर 2022 को शुष्क दिवस घोषित किया गया है। कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने उक्त शुष्क दिवस पर जिले की समस्त देशी मदिरा (सी.एस.-2 घघ), कम्पोजिट मदिरा (सी.एस.-2 घघ), विदेशी मदिरा (एफ.एल.-1 घघ एवं एफ.एल.-3 होटल बार)दुकान तथा भण्डारण भाण्डागार पूर्ण रूप से बंद रखे जाने हेतु आदेश जारी किया है।

जिले में 1172.7 मि.मी.औसत वर्षा दर्ज
रायगढ़, 30 सितम्बर 2022/ चालू वर्षा मौसम में रायगढ़ जिले में 30 सितम्बर तक 1172.7 मि.मी.औसत वर्षा दर्ज की गई है। बीते 24 घंटे में जिले में 9.8 मिली मीटर औसत वर्षा हुई है। भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक जिले के रायगढ़ तहसील में 1400.1 मिली मीटर, पुसौर में 1474.1, खरसिया में 1151.7, सारंगढ़ में 1354.4, बरमकेला में 1033.8, घरघोड़ा में 927.6, तमनार में 1212.4, लैलूंगा में 1186.8, धरमजयगढ़ में 1100.4, सरिया में 1100.8 एवं छाल में 957.5 मिली मीटर वर्षा दर्ज की गई है।
अस्पृश्यता निवारणार्थ सदभावना शिविर 2 अक्टूबर को
रायगढ़, 30 सितम्बर 2022/ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के जयंती तिथि 2 अक्टूबर के अवसर पर विकासखण्ड बरमकेला के ग्राम-बोन्दा में पूर्वान्ह 11 बजे से हाईस्कूल प्रांगण में अस्पृश्यता निवारणार्थ सद्भावना शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिसमें वर्ण भेद, रहित सामूहिक भोज सम्भाषण एवं शिक्षा प्रद चित्र आदि कार्यक्रम किया जाना है।
पंचायत सचिव गणेशराम मरार निलंबित
रायगढ़, 30 सितम्बर 2022/ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अबिनाश मिश्रा ने जनपद पंचायत खरसिया ग्राम पंचायत घघरा के पंचायत सचिव श्री गणेश राम मरार को जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक में बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहने, मुख्यालय पंचायत में निवास नहीं करने, ग्राम पंचायत का बजट जमा नहीं करने एवं उच्चाधिकारियों के आदेश/निर्देशों की अवहेलना करने तथा अपने पदीय कर्तव्यों एवं दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने के कारण प्रथम दृष्टियां दोषी पाये जाने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। निलंबन अवधि में पंचायत सचिव श्री मरार को जनपद पंचायत खरसिया कार्यालय में अटैच किया गया है।
नंदेली टेट परीक्षा में नकल मामले में शिक्षक भुवनेश्वर चौधरी हुआ निलंबित
रायगढ़, 30 सितम्बर 2022/ विगत 18 सितंबर को हुई शिक्षक पात्रता परीक्षा 2022 में परीक्षा केंद्र नंदेली में नकल कराए जाने के मामले में हुई जांच में दोषी पाए जाने वाले शिक्षक भुवनेश्वर चौधरी को कार्यालय संभागीय संयुक्त संचालक शिक्षा सरगुजा संभाग अंबिकापुर छत्तीसगढ़ द्वारा तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि नंदेली केंद्र में टेट परीक्षा में नकल कराए जाने की शिकायत के संज्ञान में आते ही उच्च शिक्षामंत्री श्री उमेश पटेल और कलेक्टर रायगढ़ के द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी रायगढ़ श्री आर.पी.आदित्य को मामले की जांच के सख्त निर्देश दिए गए थे। निलंबन आदेश में उल्लेखित है कि कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी रायगढ़ छत्तीसगढ़ के प्रस्ताव दिनांक 26 सितंबर 2022 के द्वारा प्राप्त प्रारंभिक जांच में भुवनेश्वर चौधरी, शिक्षक (गणित) पूर्व माध्यमिक शाला महुवाडीह विकास खंड फरसाबहार जिला जशपुर छत्तीसगढ़ को जिला रायगढ़ के परीक्षा केंद्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नंदेली केंद्र में टीईटी परीक्षा में नकल कराने में लिप्त पाए जाने के कारण प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने के कारण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम-1965 के नियम 3 के उल्लंघन का दोषी पाए जाने के कारण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण) नियंत्रण तथा अपील नियम-1966 के नियम 9 के तहत तत्काल प्रभाव से शासकीय सेवा से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय कार्यालय विकास खंड शिक्षा अधिकारी फरसाबहार जिला जशपुर नियत किया गया है।
खुरहा-चपका बीमारी के लिए टीकाकरण अभियान 2 अक्टूबर से
रायगढ़, 30 सितम्बर 2022/ पशुओं को खुरहा-चपका (एफएमडी)के संक्रमण से बचाने के लिए एफएमडी मुक्त भारत अभियान के तहत 2 अक्टूबर से विशेष नि:शुल्क टीकाकरण अभियान पशुधन विकास विभाग रायगढ़ द्वारा चलाया जाएगा। विषाणुजनित संक्रमण रोग खुरहा चपका के कारण दुधारू पशु में दुग्ध उत्पादन क्षमता एवं भारवाहक पशुओं की कार्य क्षमता पर विपरीत प्रभाव पड़ता है। इस रोग से छोटी उम्र की बछड़ा, बछिया में भी मृत्यु दर बढ़ जाती है इस रोग से पशुपालकों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ता है।
जिले में सुचारू रूप से टीकाकरण अभियान को संचालन हेतु डॉ.योगेश्वर प्रसाद चन्द्रा प्रभारी रोग अनुसंधान प्रयोगशाला रायगढ़ को जिला नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है एवं जिले में सुचारू रूप से संचालन हेतु 123 टीकाकरण दल का गठन किया गया है। जिसके विकासखण्ड नोडल अधिकारी रायगढ़-डॉ.पूरन लाल पटेल, पुसौर-डॉ.शिवकुमार सिदार, खरसिया-डॉ.दिलीप कुमार पटेल, घरघोड़ा-डॉ.दिनेश कुमार कुर्रे, तमनार-डॉ.भुवनेश्वर प्रसाद सिदार, लैलूंगा-डॉ.अनुपमा तरूण, धरमजयगढ़-डॉ.अजय कुमार खलखो, सारंगढ़-डॉ.राजेश भास्कर एवं बरमकेला में डॉ.मोरध्वज सिदार को नोडल अधिकारी बनाया गया है। जिले के अधीनस्थ विकासखण्डों में 3 लाख 38 हजार 550 डोज टीकाद्रव्य का संस्थाओं में भण्डारण कर लिया गया है। उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं रायगढ़ ने सभी पशुपालकों से आग्रह किया है कि टीकाकरण दल आपके गांव में पहुंचे तो समस्त पशुओं में टीकाकरण कराने हेतु विभाग का सहयोग करें।

अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की लगातार कार्यवाही जारी
आरोपियों के कब्जे से 17 लीटर शराब जप्त
रायगढ़, 30 सितम्बर 2022/ सचिव सह आबकारी आयुक्त श्री निरंजन दास एवं प्रबंध संचालक सीएसएमसीएल श्री ए.पी त्रिपाठी द्वारा दिए गए निर्देश के तारतम्य में जिला रायगढ़ में अवैध शराब के विरुद्ध कार्यवाहियां जारी हैं। सहायक आयुक्त आबकारी श्री रामकृष्ण मिश्रा के मार्गदर्शन में गत दिवस शराब की अवैध बिक्री के विरूद्ध आबकारी वृत्त बरमकेला प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक विकास पाल साण्डे ने कार्रवाई की है। सूचना मिलने पर गस्त के दौरान डोंगरीपाली थाना क्षेत्रान्तर्गत ग्राम छिंदपतेरा निवासी कन्हैया सारथी, साकिन छिंदपतेरा से 7 लीटर एवं ग्राम हट्टापाली निवासी अलेख चौहान के संज्ञान अधिपत्य से कुल 10 लीटर महुआ मदिरा जप्त कर आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा के तहत प्रकरण दर्ज कर जेल दाखिला की कार्यवाही की गयी। उक्त कार्यवाही के दौरान राजकुमार कश्यप, भेखराम पटेल, अन्नू ठाकुर एवं मिलन साहू उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम अंतर्गत होगा कैम्प का आयोजन
रायगढ़, 30 सितम्बर 2022/ राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत संचालित समस्त शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम अंतर्गत कैम्प का आयोजन किया जाएगा। जिसके तहत 3 अक्टूबर 2022 को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रामभांठा में, 8 अक्टूबर को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र इंदिरा नगर में एवं 11 अक्टूबर को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, गांधी नगर में कैम्प लगेगा। कैम्प प्रात:10 बजे से सायं 5 बजे तक संचालित होगा।
अवैध खनिज परिवहन करते पकड़ायी 5 गाडिय़ां
खनिज विभाग ने की कार्यवाही
रायगढ़, 30 सितम्बर 2022/ कलेक्टर श्रीमती रानू साहू ने जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोकथाम हेतु जिला खनि अधिकारी को सख्त निर्देश दिए थे। उक्त निर्देश के परिपालन में आज जिला खनि अधिकारी श्री योगेन्द्र सिंह एवं जांच दल द्वारा निरीक्षण किया गया। जिसमें अवैध परिवहन करते हुए खनिज चूना पत्थर के 4 हाइवा एवं खनिज रेत के 1 हाइवा पकड़ा गया। संंबंधित वाहनों को चक्रधर नगर थाना, रायगढ़ में रखा गया है। उक्त वाहन कश्यप अंबाड़ी निवासी बेलादुला रायगढ़, सोनू अग्रवाल कबीर चौक रायगढ़, राबड़ अग्रवाल ढिमरापुर चौक रायगढ़, संतोष कुमार उत्तरप्रदेश एवं श्रीकांत कुमार के है। सभी प्रकरणों में छ.ग.गौण खनिज नियम के अंतर्गत दण्डात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। पूर्व में भी जिले के खनिज ठेकेदारों, खनिज परिवहन कर्ताओं को भी निर्देशित किया गया है कि बिना अभिवहन पास खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण करना दण्डनीय अपराध है। खनि अधिकारी ने बताया कि आगे भी इसी प्रकार के कृत्य करने पर दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

