स्कूली छात्रा से अश्लील हरकत करने वाला स्कूल शिक्षक गिरफ्तार, घरघोड़ा पुलिस ने छेड़खानी और पोक्सो एक्ट में भेजा जेल
|
😊 Please Share This News 😊
|
16 नवंबर, रायगढ़ / जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में प्राथमिक शाला में पदस्थ एक शिक्षक के खिलाफ एक नाबालिग छात्रा के साथ अश्लील हरकत के आरोप में मामला दर्ज हुआ है। पुलिस के अनुसार शिकायत मिलने पर घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान अजय कुमार भट्ट, 52 वर्ष, निवासी ग्राम ठूसेकेला, थाना खरसिया, हाल मुकाम घरघोड़ा क्षेत्र के रूप में हुई है।
शिकायत कैसे सामने आई
पुलिस के अनुसार मामले में 13 नवंबर को एक महिला ने थाना घरघोड़ा में अपनी नातिन के साथ हुई घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। महिला ने बताया कि 13 नवंबर को जब उसने बच्ची को स्कूल जाने के लिए कहा तो उसने स्कूल जाने से मना कर दिया। कारण पूछने पर बच्ची ने 12 नवंबर को स्कूल में हुई घटना के बारे में बताया।
इसके बाद महिला ने गांव के प्रमुख लोगों को जानकारी दी और डायल 112 को सूचना दी। डायल 112 की टीम ने मौके की जानकारी लेकर महिला को शिकायत दर्ज कराने थाना घरघोड़ा पहुंचाया।
पुलिस कार्रवाई
महिला के लिखित आवेदन पर घरघोड़ा पुलिस ने आरोपी अजय कुमार भट्ट के विरुद्ध अपराध क्रमांक 339/2026 में धारा 74, 8, 12 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल उसे हिरासत में लिया। पूछताछ एवं विवेचना के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
घरघोड़ा पुलिस मामले की गंभीरता से विवेचना कर रही है।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन तथा एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी धरमजयगढ़ श्री सिद्धांत तिवारी के सुपरविजन में इस संवेदनशील अपराध की त्वरित कार्यवाही – आरोपी की पतासाजी, गिरफ्तारी में थाना प्रभारी घरघोड़ा निरीक्षक कुमार गौरव साहू, महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त एवं हमराह स्टाफ की अहम भूमिका रही है।
नोट: इस खबर में पीड़ित बच्ची की पहचान से जुड़ी कोई जानकारी नहीं दी गई है। यह मामला पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के आधार पर है, आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया में होगी।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

