महानदी में उफान से बाढ़ की स्थिति, हीराकुंड के 20 गेट खुले, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने लाइव आकर की धैर्य की अपील
|
😊 Please Share This News 😊
|
रायगढ़। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण पिछले तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने महानदी को उफान पर ला दिया है। महानदी के तटीय जिलों रायगढ़, शक्ति और सारंगढ़-बिलाईगढ़ के निचले गांवों में बाढ़ की स्थिति बन गई है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विधायक एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी देर रात लाइव आए और तीनों जिलों की जनता से सीधा संवाद किया। वित्त मंत्री ने बताया कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से ओडिशा सरकार और हीराकुंड बांध प्रबंधन से संवाद स्थापित किया है। सार्थक पहल की वजह से हीराकुंड डैम के 20 गेट खोल दिए गए हैं ताकि जलस्तर को नियंत्रित किया जा सके और तटीय गांवों को बाढ़ की विभीषिका से बचाया जा सके।
लाइव के दौरान श्री चौधरी ने कहा – ये प्राकृतिक आपदा है। प्रकृति के प्रकोप को रोका नहीं जा सकता, लेकिन सावधानी बरतकर जान-माल की हानि को जरूर रोका जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इस विषम परिस्थिति में अफवाहों से बचते हुए प्रशासन का सहयोग करें। यह समय घबराने का नहीं, धैर्य और संयम बनाए रखने का है।
इसके पूर्व बाढ़ की आशंका को देखते हुए उन्होंने रायगढ़, शक्ति और सारंगढ़-बिलाईगढ़ के कलेक्टरों, एसपी और जनप्रतिनिधियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक ली थी। बैठक में नाव, गोताखोर, राहत शिविर, भोजन, दवाइयों की व्यवस्था के निर्देश दिए थे। सभी तटीय गांवों में मुनादी भी करा दी गई है। पूरी सरकार सहित स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

