रायगढ़ जिले में 592 किसानों ने बेचा 31,802 क्विंटल धान, 244 किसानों को हुआ भुगतान
|
😊 Please Share This News 😊
|
रायगढ़, 26 नवम्बर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में समर्थन मूल्य पर पंजीकृत किसानों से धान खरीदी जारी है।
26 नवंबर तक जिले में 592 किसानों से कुल 31,802.40 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। इसके एवज में कुल 776.30 लाख रुपये की राशि देय है। अपेक्स बैंक से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अब तक 244 किसानों को धान बिक्री का भुगतान किया जा चुका है। शेष किसानों को भुगतान की प्रक्रिया जारी है।
विकासखंडवार आंकड़े –
धरमजयगढ़ – सबसे अधिक 459 किसानों ने 25,960.80 क्विंटल धान बेचा है। यहां 228 किसानों को भुगतान हुआ है।
लैलूंगा – 83 किसानों ने 4,258.40 क्विंटल धान बेचा, 13 किसानों को भुगतान
पुसौर – 36 किसानों ने 968 क्विंटल धान बेचा, 3 किसानों को भुगतान
रायगढ़ – 10 किसानों ने 296.40 क्विंटल धान बेचा
तमनार – 2 किसानों ने 186.80 क्विंटल धान बेचा
खरसिया – 1 किसान ने 80 क्विंटल धान बेचा
घरघोड़ा – 1 किसान ने 52 क्विंटल धान बेचा
उपार्जन केंद्रों में खरीदी प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के साथ किसानों की सुविधा और आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
वहीं, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने तथा कोचियों और बिचौलियों के माध्यम से अवैध धान की खरीदी-बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है।
20 चेकपोस्ट पर 24 घंटे निगरानी –
इसके लिए जिले में 20 अंतरराज्यीय चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं, जहां तीन पालियों में 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। सीमावर्ती क्षेत्रों से आने वाले वाहनों और धान की जांच के लिए राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
इसके अलावा जिला स्तरीय निगरानी समिति गठित की गई है तथा जिले की सभी 10 तहसीलों में उड़नदस्ता दल तैनात किए गए हैं। ये दल अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध धान की खरीदी, परिवहन और भंडारण पर नजर रख रहे हैं। अवैध धान के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई भी की जा रही है।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

