संविधान का गौरव, बाबासाहेब का सम्मान – पांच ऐतिहासिक स्थल बने ‘पंचतीर्थ :- ओपी चौधरी’
|
😊 Please Share This News 😊
|
रायगढ़ :- वित्त मंत्री विधायक रायगढ़ ओपी चौधरी ने कहा 26 नवंबर सिर्फ एक तारीख नहीं बल्कि अनोखा दिन है, जब भारत के माथे पर संविधान का मुकुट रखा गया। एक ऐसा दस्तावेज जिसने हर नागरिक को बराबर का हक दिया और बराबर का सम्मान दिया।
इसी दिन की याद में देश एक बार फिर संविधान गढ़ने वाले महामानव डॉ. बाबासाहेब भीमराव को नमन कर रहा है।
इस बार संविधान दिवस की खासियत – पंचतीर्थ
इस बार संविधान दिवस खासियत बताते हुए वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा बाबासाहेब की स्मृति और विचारों से जुड़े पांच ऐतिहासिक स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में सम्मानित किया गया है। अब ये सिर्फ इमारतें या स्थान नहीं रहेंगे, ये प्रेरणा के तीर्थ होंगे, जहाँ आने वाली पीढ़ियाँ बाबासाहेब के संघर्ष, शिक्षा और समता के संदेश को महसूस कर सकेंगी।
पंचतीर्थ में शामिल पांचों स्थल – बाबासाहेब के जीवन के पांच पड़ाव
पंचतीर्थ में शामिल पांचों स्थल बाबासाहेब के जीवन के पांच पड़ाव बताते हुए ओपी चौधरी ने कहा –
1. महू की जन्मभूमि – वह स्थान है, जहाँ से एक बच्चे की कहानी शुरू हुई, जो आगे चलकर भारत का भाग्य लिखने वाला था।
2. लंदन की शिक्षा भूमि – वह स्थान है, जहाँ बाबासाहेब ने ज्ञान को ही अपना सबसे बड़ा हथियार बनाया।
3. नागपुर की दीक्षा भूमि – वह स्थान है, जहाँ उन्होंने समता और मानवता का दीक्षा संदेश दिया।
4. दिल्ली की महापरिनिर्वाण भूमि – वह स्थान है, जहाँ उनकी अंतिम यात्रा ठहरी, लेकिन विचार अमर हो गए।
5. मुंबई की चैत्य भूमि – वह स्थान है, जहाँ आज भी लाखों लोग श्रद्धा से सिर झुकाते हैं।
इन पांचों को एक साथ पंचतीर्थ कहना, दरअसल बाबासाहेब के पूरे जीवन को एक माला में पिरोने जैसा है।
पंचतीर्थ – विचारों के विश्वविद्यालय
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि बाबासाहेब की विरासत को राष्ट्रीय गौरव मिलना पूरे देश के लिए गर्व की बात है। उनके अनुसार पंचतीर्थ सिर्फ स्मारक नहीं हैं, ये विचारों के विश्वविद्यालय हैं। यहाँ युवा यह सीखेंगे कि विपरीत परिस्थितियों में भी शिक्षा, आत्मसम्मान और संविधान के प्रति निष्ठा से कैसे इतिहास बदला जा सकता है।

उन्होंने कहा कि बाबासाहेब ने हमें सिर्फ संविधान नहीं दिया, उन्होंने हमें जीने का तरीका दिया और पंचतीर्थ उसी जीने के तरीके को आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाएगा।
संविधान किताब में नहीं, जीवन में उतरना चाहिए
आज जब देश तेजी से आगे बढ़ रहा है, तब यह जरूरी हो जाता है कि विकास के साथ-साथ मूल्यों को भी याद रखा जाए। पंचतीर्थ का सम्मान इसी बात का प्रतीक है कि संविधान किताब में नहीं, जीवन में उतरना चाहिए, शिक्षा ही सबसे बड़ी क्रांति है और हर व्यक्ति, चाहे वह किसी भी वर्ग, जाति या पृष्ठभूमि से हो, बराबर है। यही बाबासाहेब का सपना था और यही संविधान की आत्मा है।
संविधान दिवस पर यह संदेश याद दिलाता है कि एक व्यक्ति, जो बचपन में भेदभाव का शिकार हुआ, उसने हार नहीं मानी। उसने पढ़ा, लड़ा और पूरे देश को बराबरी का अधिकार दिला दिया। आज जब हम पंचतीर्थ की बात करते हैं, तो हम दरअसल उस संघर्ष को सलाम करते हैं। संविधान का गौरव तभी सच्चा होगा, जब बाबासाहेब का सम्मान हर घर, हर मन और हर फैसले में दिखेगा।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

