निर्माण श्रमिक परिवारों के युवाओं को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण, रायगढ़ से 5 हितग्राहियों का होगा चयन
|
😊 Please Share This News 😊
|
रायगढ़, 18 नवम्बर 2026 / निर्माण श्रमिक परिवारों के युवाओं को हुनरमंद बनाकर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री निर्माण मजदूर कौशल विकास एवं परिवार सशक्तिकरण योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है।
छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की इस योजना के अंतर्गत रायगढ़ जिले से 5 पात्र युवाओं का चयन कर सीआईपीईटी रायपुर में कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा।
80 दिन का आवासीय प्रशिक्षण, छात्रावास की सुविधा भी
योजना के तहत चयनित युवाओं को सहायक मशीन ऑपरेटर-प्लास्टिक प्रसंस्करण, एक्सट्रूजन एवं इंजेक्शन मोल्डिंग ट्रेड में 480 घंटे यानी 80 दिवस का आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान हितग्राहियों के लिए छात्रावास की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
इस प्रशिक्षण से निर्माण श्रमिक परिवारों के युवाओं को तकनीकी कौशल हासिल करने और रोजगार के नए अवसरों से जुड़ने में मदद मिलेगी।
कौन कर सकता है आवेदन, क्या है पात्रता
प्रशिक्षण के लिए मंडल में पंजीकृत निर्माण श्रमिक अथवा उनके पात्र आश्रित युवा आवेदन कर सकते हैं। आवेदक की आयु 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
शैक्षणिक योग्यता के अंतर्गत 10वीं उत्तीर्ण युवा पात्र हैं। इसके अलावा 9वीं उत्तीर्ण एवं संबंधित कार्य में 1 से 5 वर्ष का अनुभव (एनटीसी/एनएसी) अथवा 8वीं उत्तीर्ण एवं संबंधित कार्य में 3 वर्ष का अनुभव (एनटीसी/एनएसी) रखने वाले युवा भी आवेदन कर सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन कर ले सकते हैं योजना का लाभ
वित्तीय वर्ष 2026-27 में इस योजना के तहत प्रदेशभर में 200 हितग्राहियों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें रायगढ़ जिले के लिए 5 सीटें निर्धारित हैं।
इच्छुक एवं पात्र युवा विभागीय पोर्टल shramevjayate.cg.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जिला श्रम विभाग ने पात्र निर्माण श्रमिकों और उनके आश्रित युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में आवेदन करने की अपील की है।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

