जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी आमजनों की समस्याएं, समय-सीमा में निराकरण के दिए निर्देश
|
😊 Please Share This News 😊
|
रायगढ़, 16 नवम्बर 2026 / आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और उन्हें शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से सोमवार को जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और मांगें गंभीरता से सुनीं। उन्होंने प्रत्येक आवेदन का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही कर निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में आई प्रमुख मांगें
मुक्तिधाम एवं आहता निर्माण: जनदर्शन में विकासखण्ड लैलूंगा के ग्राम पंचायत ऐंकरा के जगदीश सिदार ने गांव में मुक्तिधाम एवं आहता निर्माण की मांग को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया।
कृषि विद्युत कनेक्शन: ग्राम दर्रीडीह के भक्तराम प्रधान ने बताया कि कृषि विद्युत कनेक्शन के लिए काफी समय पहले आवेदन देने के बावजूद अब तक उन्हें कनेक्शन नहीं मिल पाया है। इस पर कलेक्टर ने संबंधित विभाग को मामले में त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
श्रवण यंत्र की मांग: ग्राम रेंगालपाली की गौरी गुप्ता ने बताया कि उन्हें जन्म से ही सुनने में परेशानी है। उन्होंने श्रवण संबंधी समस्या के समाधान के लिए श्रवण यंत्र उपलब्ध कराने की मांग रखी।
मितानिनों और वरिष्ठ नागरिकों की समस्याएं: मितानिन श्रीमती सरिता चौहान ने मितानिनों की जिला चिकित्सालय में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कराने तथा वरिष्ठ नागरिकों के मोतियाबिंद ऑपरेशन में लंबी प्रतीक्षा के कारण हो रही परेशानियों की ओर कलेक्टर का ध्यान आकृष्ट कराया।
नक्शा बंटवारा: ग्राम अमलडीहा के छबि राम ने नक्शा बंटवारे के लिए आवेदन देने के बावजूद अब तक प्रक्रिया पूरी नहीं होने की जानकारी देते हुए शीघ्र निराकरण की मांग की।
ट्राइसाइकिल की मांग: ग्राम सूपा के गजपति रात्रे ने स्वयं को दिव्यांग बताते हुए दैनिक कार्यों में होने वाली परेशानियों से अवगत कराया और आवागमन की सुविधा के लिए ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
कलेक्टर ने जनदर्शन में प्राप्त सभी आवेदनों पर संबंधित विभागों को गंभीरता से कार्यवाही करने तथा पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इस अवसर पर जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

