खरसिया में महिला पत्रकार के घर घुसकर मारपीट का आरोप – पत्रकार संगठनों ने की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
|
😊 Please Share This News 😊
|
खरसिया (रायगढ़) :- खरसिया में महिला पत्रकार पूजा जायसवाल ने आरोप लगाया है कि रात लगभग 8 बजे उनके घर में घुसकर मारपीट की गई। आरोप के अनुसार इसमें भाजपा की जिला मंत्री गायत्री केशरवानी सहित करीब 10 लोग शामिल थे। पत्रकार के अनुसार इस घटना में उनके माता-पिता के साथ भी मारपीट की गई और पूरा घटनाक्रम घर में मौजूद बच्चों के सामने हुआ। घटना के दौरान घर में भय का माहौल है।
विवाद की शुरुआत कैसे हुई – पत्रकार का पक्ष
पूजा जायसवाल के मुताबिक, सम्मान समारोह से संबंधित एक खबर पर गायत्री केशरवानी का नाम और फोटो देखकर उन्होंने वह खबर उन्हें और एक अन्य व्यक्ति को भेजी थी। इसी दौरान किसी अन्य व्यक्ति से चल रही निजी बातचीत का एक मैसेज गलती से उसी के ग्रुप / उसी व्यक्ति को चला गया।
पत्रकार का कहना है कि गलती का एहसास होते ही उन्होंने स्पष्ट कर दिया था कि यह मैसेज उनके लिए नहीं था, बल्कि किसी अन्य व्यक्ति के साथ हुई बातचीत का हिस्सा था। उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी थी। इसके बावजूद विवाद बढ़ता चला गया।
धमकी और अभद्रता का आरोप
पूजा जायसवाल ने आरोप लगाया कि उन्हें फोन के माध्यम से धमकियां दी गईं और उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि पुलिस को वीडियो के जरिए धमकी के पैसे देकर उन्हें बदनाम करने तथा उनकी जिंदगी बर्बाद करने की धमकी दी गई।
रात 8 बजे घर में घुसकर मारपीट का आरोप
महिला पत्रकार के अनुसार, रात करीब 8 बजे लगभग 10 लोग उनके घर पहुंचे और घर में प्रवेश कर उनके साथ हाथापाई और लातों से मारपीट की। बीच-बचाव करने पर भी नहीं बख्शा गया और उनके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि घर में मौजूद बच्चों के सामने यह पूरा घटनाक्रम हुआ।
CCTV फुटेज से खुल सकता है राज
पूजा जायसवाल ने दावा किया है कि उनके घर में CCTV कैमरे लगे हैं और घटना से संबंधित फुटेज उपलब्ध है, जिससे पूरे मामले की जांच में मदद मिल सकती है।
पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग
महिला पत्रकार ने बताया कि उन्होंने पुलिस में शिकायत की है और FIR दर्ज कराने की प्रक्रिया व उन्होंने किए गए मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पत्रकार का सवाल –
“यदि किसी से WhatsApp पर गलती से निजी मैसेज चला जाए और वह अपनी गलती स्वीकार कर माफी भी मांग ले, तो क्या इसके बाद भी किसी को कानून अपने हाथ में लेने और घर में घुसकर मारपीट करने का अधिकार मिल जाता है?” – पूजा जायसवाल, महिला पत्रकार
प्रेस रिपोर्टर क्लब छत्तीसगढ़ का समर्थन
प्रेस रिपोर्टर क्लब छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष संजय सोनी ने महिला विंग की अध्यक्ष पूजा जी के साथ हुई कथित घटना की कड़ी निंदा करते हुए शासन-प्रशासन से तत्काल संज्ञान लेने और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की।
उन्होंने कहा – किसी भी महिला पत्रकार के साथ अभद्र व्यवहार, धमकी, मानसिक उत्पीड़न अथवा किसी प्रकार की आपराधिक घटना अत्यंत निंदनीय है। ऐसी घटनाओं की शिकायत मिलने पर शासन-प्रशासन को तत्काल संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच करनी चाहिए तथा आरोप प्रमाणित होने पर संबंधित दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए।
संजय सोनी ने कहा – पूजा जी ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी उन्हें दी थी। इस संबंध में उन्होंने पूजा जी से रायगढ़ आकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के समक्ष अपनी शिकायत और घटनाक्रम के तथ्य प्रस्तुत करने का आग्रह किया था।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शिकायत को गंभीरता से सुनेंगे और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आने वाले समय में प्रेस रिपोर्टर क्लब छत्तीसगढ़ की प्रदेश पदाधिकारियों की टीम गृहमंत्री एवं डीजीपी को ज्ञापन प्रस्तुत करेगी। इसमें मामले की निष्पक्ष जांच, महिला पत्रकारों की सुरक्षा तथा दोषियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की जाएगी।
उन्होंने कहा – “पूजा बहन, आप हिम्मत रखिए आप अकेली नहीं हैं। प्रेस रिपोर्टर क्लब छत्तीसगढ़ का प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी, महिला विंग और संगठन के सभी पत्रकार साथी आपके साथ हैं। हम न्याय के लिए गृहमंत्री तथा डीजीपी के समक्ष स्वयं उपस्थित होकर पूरा मामला रखेंगे।”
संजय सोनी ने कहा कि पत्रकारों के बीच मतभेद हो सकते हैं, लेकिन सम्मान और सुरक्षा के प्रश्न पर सभी को एकजुट रहना चाहिए। महिला पत्रकारों को निर्भीक और सुरक्षित वातावरण में कार्य करने का अधिकार है।
छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ का पत्र
छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविन्द अवस्थी ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी को पत्र लिखकर सादर निवेदन किया है कि खरसिया के महिला पत्रकार साथी बहन पूजा जायसवाल के साथ मारपीट की शिकायत पर त्वरित कार्यवाही करवाकर न्याय प्रदान करने का कष्ट करें।
संवाददाता राकेश साहू का बयान
शालिनी न्यूज एजेंसी के संवाददाता राकेश साहू ने कहा कि खरसिया में महिला पत्रकार के घर घुसकर भाजपा की एक महिला नेत्री द्वारा हमला किया जाना अत्यंत गंभीर, अमर्यादित और निंदनीय कृत्य है। इस संबंध में संबंधित थाना में प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज हो चुकी है और अभियुक्तों के नाम भी रिपोर्ट में शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि चूंकि यह प्रकरण अब दर्ज हो चुका है, इसलिए पुलिस को तत्काल विवेचना पूर्ण कर चालान न्यायालय में प्रस्तुत करना चाहिए। जैसे अन्य प्रकरणों में न्यायालय द्वारा तर्क-वितर्क सुनने के बाद शीघ्र सजा दी जा रही है, उसी तरह इस मामले में भी त्वरित न्याय होना चाहिए।
राकेश साहू ने कहा कि पत्रकार पर हमला करना गंभीर दंडनीय अपराध है, जो हत्या के प्रयास (Half Murder) की श्रेणी में भी आ सकता है। यदि हमले के दौरान शरीर के किसी भी अंग से खून निकलता है तो यह गंभीर प्रकरण है, जिसमें कठोरतम सजा – फांसी या आजीवन कारावास तक का प्रावधान होना चाहिए।
उन्होंने कहा – शासन के निर्देशों के अनुसार पत्रकार देश के “चौथे स्तंभ” हैं। चौथे स्तंभ पर किसी भी प्रकार का हमला लोकतंत्र पर हमला है। ऐसे में आरोपी को खुला नहीं छोड़ा जाना चाहिए, बल्कि तत्काल गिरफ्तारी कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाए।
राकेश साहू ने कहा कि भाजपा शासनकाल में भाजपा के ही लोग पत्रकारों पर हमला कर रहे हैं, जिससे स्पष्ट है कि पत्रकार सुरक्षित नहीं हैं। यह सुशासन की जगह दुशासन की परिभाषा प्रस्तुत कर रहा है। ऐसे अमर्यादित कृत्य करने वाली भाजपा की महिला नेत्री को तत्काल कठोरतम सजा दी जाए, ताकि भविष्य में किसी पत्रकार के साथ ऐसी घटना दोबारा न हो।
फिलहाल मामले में पुलिस की जांच और संबंधित पक्ष का आधिकारिक बयान सामने आना बाकी है। लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

