सेवा संकल्प अभियान: 15 मिनट में रजिस्ट्री, मॉडल बना रायगढ़ कार्यालय
|
😊 Please Share This News 😊
|
रायगढ़। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी की पहल से रायगढ़ के पंजीयन कार्यालय को आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडल पंजीयन कार्यालय के रूप में विकसित किया गया है। सेवा संकल्प अभियान के तहत यहां पंजीयन प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और नागरिक-केंद्रित बनाया गया है। अब व्यवस्था का केंद्र कार्यालय की प्रक्रिया नहीं, बल्कि नागरिक की सुविधा है।
संपत्ति की रजिस्ट्री किसी भी व्यक्ति और परिवार के लिए महत्वपूर्ण प्रक्रिया होती है। इसे ध्यान में रखते हुए कार्यालय में नागरिकों को अनावश्यक परेशानी और बार-बार आने की स्थिति से बचाने के लिए प्रक्रिया के विभिन्न चरणों को व्यवस्थित किया गया है।

प्रवेश से पंजीयन तक हर चरण में सुविधा
कार्यालय में प्रवेश करते ही नागरिकों को आवश्यक जानकारी के लिए हेल्प डेस्क एवं रिसेप्शन की व्यवस्था की गई है। दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच से कमियों की जानकारी शुरुआती चरण में ही मिल जाती है, जिससे अंतिम चरण की परेशानी और समय की बचत होती है। भीड़ प्रबंधन के लिए टोकन आधारित कतार प्रबंधन प्रणाली लागू की गई है।

मुद्रांक शुल्क, पंजीयन शुल्क और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी बोर्ड एवं डिजिटल डिस्प्ले पर प्रदर्शित की जा रही है। डिजिटल एवं कैशलेस भुगतान से लेन-देन में पारदर्शिता बढ़ी है।
मॉडल कार्यालय में प्रतिदिन औसतन 64 नागरिक सेवाएं प्राप्त कर रहे हैं, जबकि प्रतिदिन औसतन 16 दस्तावेजों का पंजीयन हो रहा है। नागरिकों का औसत प्रतीक्षा समय 15.33 मिनट दर्ज किया गया है। अब तक 105 सकारात्मक फीडबैक भी प्राप्त हुए हैं।
पूरी प्रक्रिया को 9 चरणों में व्यवस्थित किया गया है –
1. कार्यालय में प्रवेश 2. हेल्प डेस्क से मार्गदर्शन 3. दस्तावेजों का प्री-चेक 4. टोकन प्राप्त करना 5. व्यवस्थित प्रतीक्षा 6. निर्धारित पंजीयन प्रक्रिया 7. डिजिटल/कैशलेस भुगतान 8. दस्तावेज एवं स्टेटस की जानकारी 9. सम्मानजनक निकास
वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए विशेष व्यवस्था
नागरिकों की सुविधा के लिए वातानुकूलित प्रतीक्षालय, आरामदायक लाउंज, चार्जिंग स्टेशन, स्वच्छ पेयजल और शौचालय की सुविधा उपलब्ध है। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए विशेष सहायता की व्यवस्था है। नागरिक क्यूआर कोड के माध्यम से अपने अनुभव और सुझाव सीधे साझा कर सकते हैं।
तकनीक के साथ कार्यसंस्कृति में भी बदलाव
सेवाओं को निर्बाध बनाए रखने के लिए समर्पित सर्वर रूम और मजबूत आईटी अधोसंरचना विकसित की गई है। यह व्यवस्था केवल आधुनिक सुविधाओं तक सीमित नहीं, बल्कि सरल प्रक्रिया, तकनीकी व्यवस्था, पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशील व्यवहार का मॉडल है।
यह मॉडल इस बात का उदाहरण है कि तकनीक, सुव्यवस्थित प्रक्रियाओं और संवेदनशील कार्यसंस्कृति के माध्यम से सरकारी सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाया जा सकता है।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

