*तमनार-मीलूपारा-कुंजारा-उरबा-लैलूंगा मार्ग को 74 करोड़ से अधिक की स्वीकृति, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पूरी की बहुप्रतीक्षित मांग*
|
😊 Please Share This News 😊
|
रायगढ़ / लैलूंगा :- लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। क्षेत्र की सबसे महत्वपूर्ण और बहुप्रतीक्षित सड़क परियोजना तमनार-मीलूपारा-कुंजारा-उरबा-लैलूंगा मार्ग के निर्माण के लिए वित्त विभाग ने 7415.18 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।

कुल 23.20 किलोमीटर लंबी इस सड़क के बनने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों का बरसों पुराना सपना साकार होने जा रहा है। यह मार्ग तमनार औद्योगिक क्षेत्र को लैलूंगा से सीधे जोड़ने वाला एकमात्र प्रमुख मार्ग है, लेकिन जर्जर स्थिति के कारण लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। विशेषकर बरसात के दिनों में इस मार्ग पर चलना जोखिम भरा होता था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्ववर्ती सरकार के पांच साल के कार्यकाल में भी इस महत्वपूर्ण मार्ग को मंजूरी नहीं मिल पाई थी और यह मांग केवल आश्वासनों तक सीमित रह गई थी।
भाजपा की साय सरकार के गठन के बाद क्षेत्रीय जनता ने एक बार फिर इस मांग को प्रमुखता से उठाया। मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इस परियोजना को अपनी प्राथमिकता में शामिल किया और वित्त मंत्री के तौर पर स्वयं इसकी वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर जन भावना का सम्मान किया।
इस सड़क के निर्माण से क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं में बड़ा बदलाव आएगा। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को त्वरित गति से लैलूंगा, तमनार और जिला मुख्यालय रायगढ़ के बड़े अस्पतालों तक पहुंचाया जा सकेगा। स्कूली छात्र-छात्राओं और महाविद्यालयीन विद्यार्थियों का सफर सुगम और सुरक्षित होगा। साथ ही किसानों को अपनी उपज मंडियों तक ले जाने में आसानी होगी और स्थानीय व्यापार को भी नई गति मिलेगी। कुल मिलाकर यह सड़क क्षेत्र के समग्र विकास की जीवन रेखा साबित होगी।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

