*25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का हुआ रंगारंग आगाज* – Chhattisgarh Top News

Chhattisgarh Top News

Latest Online Breaking News

*25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का हुआ रंगारंग आगाज*

😊 Please Share This News 😊

रायगढ़, 5 अक्टूबर 2025/ खेल भावना, अनुशासन और एकता के संदेश के साथ आज जिला मुख्यालय रायगढ़ में 25वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारंभ हुआ। बोईरदादर रोड स्थित रायगढ़ स्टेडियम में आयोजित इस राज्य स्तरीय खेल का विधिवत शुभारंभ राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह ने दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती की आराधना के साथ किया। इस दौरान सांसद श्री सिंह ने रायगढ़ जिले के उन खिलाड़ियों को स्मरण किया, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश व प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य का खेल ध्वज फहराकर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर सभी पांचों संभागों के खेल ध्वजों का भी आरोहण किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम महापौर श्री जीवर्धन चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, डिप्टी कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी श्री धनराज मरकाम, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. के.वी. राव सहित संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारीगण और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।
इस राज्य स्तरीय आयोजन का संचालन जिला प्रशासन रायगढ़ एवं स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। समारोह के दौरान खिलाड़ियों द्वारा आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया गया, जिसकी अगुवानी मेजबान बिलासपुर संभाग की टीम ने की। प्रदेश के पाँचों संभाग रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा से चयनित 632 खिलाड़ी प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिताओं में 14 वर्षीय बालक व बालिका वर्ग में वॉलीबॉल, 14 से 19 वर्षीय बालक व बालिका वर्ग में सॉफ्टबॉल, 17 वर्षीय बालक व बालिका वर्ग में खो-खो और अंडर-19 बालिका वर्ग में क्रिकेट खेल शामिल है। यह आयोजन 8 अक्टूबर तक चलेगा। खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन और परिवहन की समुचित व्यवस्था की गई है। स्टेडियम और खेल मैदानों में सभी आवश्यक तैयारियाँ सुनिश्चित की गई हैं।
25 वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के शुभारंभ के अवसर पर बाल मंदिर स्कूल एवं कार्मेल कॉन्वेंट हिंदी मीडियम स्कूल की छात्राओं ने छत्तीसगढ़ी और गुजराती लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेल का प्रदर्शन हेतु शपथ दिलाई गई। स्टेडियम भारत माता की जय, वंदे मातरम और खिलाड़ी जिंदाबाद के नारों से गूंज उठा।
खेल केवल जीतने के लिए नहीं, बल्कि जीवन में संतुलन और प्रेरणा पाने का माध्यम भी-राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह
————————————————————————–
25 वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि रायगढ़ की यह भूमि सदैव संगीत, साहित्य और खेल की प्रतिभाओं से समृद्ध रही है। यहां की मिट्टी ने ऐसे अनेक खिलाड़ियों को जन्म दिया जिन्होंने प्रदेश और देश का नाम रोशन किया। उन्होंने राजा चक्रधर सिंह का स्मरण करते हुए कहा कि वे न केवल एक कुशल शासक थे, बल्कि एक अच्छे खिलाड़ी भी थे, जिन्होंने कुश्ती और कबड्डी जैसे पारंपरिक खेलों को बढ़ावा दिया। अपने विद्यार्थी जीवन को याद करते हुए सांसद श्री सिंह ने कहा कि वे स्वयं एक बास्केटबॉल खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से आग्रह किया कि वे अपने पसंदीदा खिलाड़ी को आदर्श मानें और उनके जीवन से प्रेरणा लें। उन्होंने मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि “हमें उनके तरह अनुशासन, समर्पण और लगन को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। खेल केवल जीतने के लिए नहीं, बल्कि जीवन में संतुलन और प्रेरणा पाने का माध्यम हैं।
राज्यसभा सांसद श्री सिंह ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि “यह सपना तभी साकार होगा जब हमारी युवा पीढ़ी स्वस्थ और सक्रिय होगी।” उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा ही सशक्त भारत का निर्माण करते हैं, इसलिए खेलों को जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने बताया कि सांसद खेल महोत्सव के तहत प्रदेश के प्रत्येक जिले में प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी ।

व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें 

स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे

Donate Now

[responsive-slider id=1466]
error: Content is protected !!