जहरीला सांप छोड़ शख्स ने की पत्नी और बेटी की हत्या, ऐसे खुली पोल, आरोपी पति गिरफ्तार….
|
😊 Please Share This News 😊
|
भुवनेश्वर: ओडिशा के गंजाम जिले में 25 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और बेटी को जहरीले सांप से कटवा दिया. सांप के काटने से दोनों की मौत हो गई. गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान के. गणेश पात्रा के रूप में की गई है. घटना गंजम जिले के कबीसूर्यनगर इलाके में हुई. गणेश हिमाचल प्रदेश में एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करता था. वह चार महीने पहले छुट्टी पर अपने पैतृक गांव आया था और तब से वह कार्यस्थल पर नहीं लौटा है.
पत्नी से चल रहा था मनमुटाव
गंजाम पुलिस के अनुसार, यह घटना बरहमपुर से करीब 60 किलोमीटर दूर कबीरसूर्य नगर थाना क्षेत्र के अधेगांव में डेढ़ महीने पहले हुई थी। आरोपी की पहचान के 25 वर्षीय गणेश पात्रा के रूप में हुई है। उसका अपनी पत्नी बसंती पात्रा (23) के साथ मनमुटाव चल रहा था।

सपेरे से झूठ बोलकर खरीदा सांप
दोनों की शादी 2020 में हुई थी और उनकी देबास्मिता नाम की दो साल की एक बेटी भी थी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने एक सपेरे से झूठ बोल कर धार्मिक कार्य करने का झांसा देकर उससे एक सांप खरीदा था और 6 अक्टूबर को वह एक प्लास्टिक के डिब्बे में सांप लेकर आया और उस कमरे में सांप को छोड़ दिया, जहां उसकी पत्नी और बेटी सोती थी।
सांप के काटने से मां-बेटी की मौत
अगली सुबह दोनों सांप के काटने से मृत पाए गए, जबकि आरोपी दूसरे कमरे में सोया था। गंजाम के पुलिस अधीक्षक जगमोहन मीना ने कहा कि पुलिस ने शुरू में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया था, लेकिन उसके ससुर द्वारा हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद आरोपी से पूछताछ की गई और फिर घटना के एक महीने बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया क्योंकि उसके खिलाफ सबूत इकट्ठा करने में कुछ देरी हो गई थी।
पूछताछ के दौरान उसने शुरू में आरोप से इनकार किया और बाद में कहा कि सांप अपने आप कमरे में घुस गया होगा, लेकिन आखिरकार उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। एसपी ने कहा कि इस हत्या के मामले में आगे की जांच जारी है।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

