घरघोड़ा के बस स्टैंड में कचरे के ढेर पर युवक की लाश मिली…
|
😊 Please Share This News 😊
|
छत्तीसगढ़ टॉप न्यूज़ रायगढ़। दिवाली की रात घरघोड़ा के बस स्टैंड में एक पेंटर युवक की जघन्य हत्या होने का मामला प्रकाश में आया है। कचरे के ढेर में लाश बरामद होने के बाद फोरेंसिक टीम के साथ एसडीओपी ने मौके का जायजा लेते हुए हत्प्राण के गायब मोबाइल फोन की पतासाजी के दौरान दो मुल्जिमों को हिरासत में भी लिया है। इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक दीपावली की दूसरी सुबह यानी सोमवार सुबह घरघोड़ा के बस स्टैंड स्थित भारत सीट मेकर दुकान का कर्मचारी साफ सफाई कर कचरा फेंकने के लिए ऑटो गैरेज के पीछे गया तो वहां कचरे के ढेर पर उसे एक युवक की ऐसी लाश दिखी, जिसके चेहरे पर चोट के निशान थे। फिर क्या, बस स्टैंड में लाश मिलने की खबर फैलते ही मौके पर भीड़ लग गई।
बस स्टैंड में युवक का शव मिलने की भनक लगते ही हरकत में आए थाना प्रभारी शरद चंद्रा ने घटना स्थल पहुंचकर निरीक्षण लिया तो पाया कि काले रंग का जैकेट पहने मृतक का चेहरा जख्मी था। चूंकि, मृतक का मोबाइल फोन गायब है इसलिए उसकी पहचान नहीं हो पाई। पुलिस ने आसपास के लोगों से काफी पूछताछ की, तब कहीं जाकर दोपहर में उसकी शिनाख्त घरघोड़ा के नवापारा में रहने वाले तिलक पैकरा पिता करमू पैकरा (30 वर्ष) के रूप में हुई।
पुलिस ने मृतक की कुंडली खंगाली तो पता चला कि उसके माता-पिता नहीं हैं और वह अकेला रहते हुए वॉल पुट्टी और पेंटिंग काम करता था। वहीं, अंधेकत्ल की खबर पाते ही एसडीओपी दीपक मिश्रा ने एफएसएल टीम के शत्रुघन सिंह के साथ मौके का बारीकी से जायजा लिया तो कचरे के ढेर के पास खून से सने हालत में ईंट बरामद हुआ। साथ ही मुखबिरों को एलर्ट करने पर जानकारी मिली कि दीपावली की पूर्व रात तिलक का कुछ युवकों के साथ विवाद भी हुआ था।
वर्दीधारियों ने घटना स्थल के आसपास का सीसीटीवी फुटेज चेक करते हुए संदेह के आधार पर कई युवकों से पूछताछ भी की। दिनभर माथापच्ची के बाद शाम को पुलिस ने दो ऐसे मुल्जिमों को अपने हत्थे चढ़ाया, जिन्होंने पेंटर को मौत के घाट उतारा है। फिलहाल, घरघोड़ा पुलिस भादंवि की धारा 302 के तहत आपराधिक प्रकरण कायम करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई कर इस ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री का मंगलवार को खुलासा करेगी।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

