2 महीने में 2000 वर्गफुट जमीन के बन गए मालिक.. सिर पर नाच रहे भू-माफिया, नाकाम हुआ नगर निगम, कौहाकुंडा में सरकारी जमीनों पर तेजी से हो रहा अतिक्रमण, दो महीने पहले थी सिर्फ झोपड़ी, अब सामने की जमीन पर बनाई बाड़
|
😊 Please Share This News 😊
|
छत्तीसगढ़ टॉप न्यूज़ रायगढ़ । सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा करने वाले भू-माफियाओं के सामने नगर निगम और राजस्व विभाग लाचार हो चुके हैं। कुछ वार्ड तो ऐसे हैं जहां पांच साल पहले तक 50 एकड़ सरकारी जमीन खाली थी। अब वहां कई लोगों ने अतिक्रमण कर लिया है। यहां पहले एक झोपड़ी बनाई जाती है फिर दो महीने में आसपास की करीब 2000 वर्गफुट भूमि कब्जा ली जाती है। कौहाकुंडा में तेजी से अतिक्रमण हो रहे हैं। एक के बाद एक कई कच्ची झोपड़ियां बनाई गईं। ईंट-मिट्टी की दीवार खड़ी कर टीन का शेड डाल दिया गया। अब बांस-बल्लियों से सामने और बाजू की जमीन पर घेरा बना लिया। 4 मार्च 2023 को जब यहां पडताल की गई थी तो करीब चार झोपड़ियां बनी थी। 31 मई बुधवार को देखा गया तो यहां दस झोपड़ियां बनकर तैयार हैं।


लोगों ने शेड के सामने करीब दो-दो हजार वर्गफुट जमीन पर भी बांस गाड़कर कब्जा कर लिया गया है। जिन लोगों ने पिछले साल कब्जे किए थे, वे अब मकान निर्माण कर रहे हैं। इस क्षेत्र में जो भी निजी कॉलोनियां बन रही हैं। वहां 1000 से लेकर 1800 रुपए वर्गफुट का रेट है, लेकिन कौहाकुंडा में सब कुछ मुफ्त है। वार्ड में हो रहे अतिक्रमण पर नगर निगम ने हथियार डाल दिए हैं। यहीं नगर निगम ने ईडब्ल्यूएस जमीन आरक्षित रखी है। उसके चारों ओर अवैध कब्जे हो चुके हैं। निगम का एसएलआरएम सेंटर भी इससे अछूता नहीं रहा है।


पूरी सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे
कौहाकुंडा में करीब 50 एकड़ सरकारी जमीन है जो तालाब से शुरू होकर पंचायत ट्रेनिंग सेंटर की दीवार तक है। रिकॉर्ड में अभी भी शासकीय जमीन दिख रही है लेकिन मौके पर यहां मकान बन गए हैं। लोगों ने अतिक्रमण करके ऐसी बस्ती बसाई है कि जहां एंबुलेंस तक नहीं घुस सकती। सड़क है ही नहीं, नालियां जाम हैं क्योंकि पानी निकासी का रास्ता ही नहीं है। यहां 86/ 3 रकबा 0.4050 हे., 86/1 रकबा 3.5040 हे., 88/1 रकबा 1.3760 हे., 90/3 रकबा 0.5630 हे. शासकीय जमीन पर कब्जा हो चुका है। कुछ जमीनें बिल्डर ने दबा ली है। 90 / 5 रकबा 0.0690 हे. रकबा सोनार समाज को आवंटित है लेकिन इसके आसपास भी कब्जा होने लगा है।
पार्षद ने उठाई थी आवाज
पूर्व में वार्ड 25 की पार्षद सपना सिदार ने कुछ बिल्डरों के विरुद्ध शिकायत की थी। उनका आरोप था कि शासकीय नाला पाटा जा रहा है। उसी से चंद मीटर दूरी पर सरकारी जमीन पर धड़ल्ले से अतिक्रमण किया जा रहा है। यहां अतिक्रमण करने वाले फिलहाल किसी दूसरे मोहल्ले में अवैध कब्जा करके रह रहे हैं।
|
व्हाट्सप्प आइकान को दबा कर इस खबर को शेयर जरूर करें |

